शैक्षणिक उत्कृष्टता पर पीहू बंसल को ‘स्कॉलर बैज’ सम्मान
नेहरू वर्ल्ड स्कूल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन पर किया सम्मानित, परिवार में खुशी का माहौल

गाज़ियाबाद( लायक हुसैन)। शिक्षा के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और निरंतर मेहनत का शानदार परिचय देते हुए नेहरू वर्ल्ड स्कूल, गाज़ियाबाद की कक्षा 11 की छात्रा पीहू बंसल ने एक और उल्लेखनीय उपलब्धि अपने नाम दर्ज की है। विद्यालय द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में उन्हें शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम एवं बेहतरीन अकादमिक प्रदर्शन के लिए प्रतिष्ठित ‘स्कॉलर बैज’ (Scholar Badge) तथा Certificate of Merit प्रदान कर सम्मानित किया गया। पीहू बंसल, जो वर्तमान में विद्यालय की कक्षा 11 (PCMA2) की छात्रा हैं, ने अपनी मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर यह सम्मान अर्जित किया। उनकी इस सफलता ने न केवल परिवार और विद्यालय, बल्कि पूरे गाज़ियाबाद का भी गौरव बढ़ाया है।
सम्मान समारोह के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने पीहू बंसल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी लगन, समर्पण और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने विश्वास जताया कि पीहू भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएंगी और विद्यालय का नाम रोशन करेंगी।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर पीहू बंसल के पिता, व्यापारी नेता एवं समाजसेवी रजनीश बंसल ने विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकों एवं प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यार्थी की सफलता में माता-पिता के संस्कार के साथ-साथ शिक्षकों का मार्गदर्शन और विद्यालय का सकारात्मक वातावरण महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पीहू आगे भी इसी समर्पण और मेहनत के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन कर परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करेंगी।



