
बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय द्वारा घोषित एमएससी प्राणी विज्ञान (चतुर्थ सेमेस्टर) के परीक्षा परिणाम में जमुना प्रसाद मेमोरियल (जेपीएम) कॉलेज की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कॉलेज का नाम रोशन किया है। कॉलेज का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा और सभी छात्र-छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए।
कॉलेज की छात्रा हिवा ने 77.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। कमल ने 74.2 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय तथा अंजलि ने 73.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस उपलब्धि पर कॉलेज अध्यक्ष योगेश पटेल, प्रबंध निदेशक आर्किटेक्ट वैभव पटेल, निदेशक डॉ. मनोज काण्डपाल और प्राणी विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मो. नईम ने छात्राओं को बधाई देते हुए उनकी मेहनत और लगन की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता कॉलेज की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और शिक्षकों के समर्पण का प्रमाण है।
अध्यक्ष योगेश पटेल ने कहा कि विद्यार्थियों ने कठिन परिश्रम से यह मुकाम हासिल किया है, जो पूरे कॉलेज परिवार के लिए गर्व की बात है। वहीं प्रबंध निदेशक वैभव पटेल ने कहा कि हिवा, कमल और अंजलि ने साबित कर दिया है कि निरंतर मेहनत से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। निदेशक डॉ. मनोज काण्डपाल ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों और शिक्षकों के सामूहिक प्रयास को दिया।
विभागाध्यक्ष डॉ. मो. नईम, चीफ प्रॉक्टर अंकुर टंडन, एकेडमिक कोऑर्डिनेटर अमरीश गंगवार तथा प्रवक्ता अंबिका यादव ने भी सभी सफल छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कॉलेज प्रशासन ने बताया कि शीघ्र ही एक सम्मान समारोह आयोजित कर टॉपर्स को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा।




