सारा अली खान के केदारनाथ दर्शन पर विवाद
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने जारी किया फतवा
बरेली। अभिनेत्री सारा अली खान के केदारनाथ धाम जाकर पूजा-अर्चना करने का मामला विवादों में आ गया है। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने उनके इस कदम पर फतवा जारी करते हुए इसे इस्लामी शरीयत के खिलाफ बताया है। उन्होंने सारा अली खान को अपने इस कृत्य पर तौबा करने की नसीहत दी है।
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में कहा कि इस्लाम और शरीयत के अनुसार किसी मुस्लिम का दूसरे धर्म के धार्मिक स्थल पर जाकर वहां की पूजा-पद्धति में शामिल होना जायज नहीं है। उनके मुताबिक मंदिर में पूजा-पाठ करना हराम और नाजायज है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम युवाओं ने सारा अली खान के केदारनाथ जाने को लेकर सवाल किए थे, जिनका जवाब शरीयत की रोशनी में दिया गया है।
दरअसल, सारा अली खान हाल ही में उत्तराखंड स्थित केदारनाथ धाम पहुंची थीं। वहां दर्शन और पूजा-अर्चना के दौरान माथे पर तिलक लगाए उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई थीं। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनके धार्मिक आचरण को लेकर बहस शुरू हो गई। कुछ लोगों ने उनकी आलोचना की तो प्रशंसकों ने इसे उनकी निजी आस्था और धार्मिक स्थलों के प्रति सम्मान से जोड़कर देखा।
पहले भी मंदिरों में दर्शन को लेकर चर्चा में रही हैं सारा
यह पहला मौका नहीं है जब सारा अली खान के मंदिरों में जाने को लेकर विवाद हुआ हो। इससे पहले वह उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर और वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर में भी दर्शन कर चुकी हैं। उनकी इन धार्मिक यात्राओं को लेकर समय-समय पर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं सामने आती रही हैं।




