Ghaziabaduttar pradeshराजनीति

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ललिता गौतम के

परिजनों से की मुलाकात, न्याय का दिलाया भरोसा

दोषियों पर होगी कठोरतम कार्रवाई, विवेचना में लापरवाही बरतने वालों पर भी गिरेगी गाज ₹5 लाख की आर्थिक सहायता, आवास और सभी पात्र सरकारी योजनाओं का लाभ देने के निर्देश

गाजियाबाद (आप अभीतक)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गाजियाबाद स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में मेरठ की दिवंगत दलित छात्रा ललिता गौतम के परिजनों से मुलाकात कर घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने शोकाकुल परिवार को सांत्वना देते हुए भरोसा दिलाया कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी आरोपियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मामले की विवेचना निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अभियोजन की प्रभावी पैरवी कर दोषियों को कठोरतम दंड दिलाने के लिए सभी आवश्यक कानूनी कदम उठाने के निर्देश दिए।
पीड़ित परिवार को तत्काल राहत प्रदान करते हुए मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से ₹5 लाख की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा मृतका के पिता तथा परिवार के एक अन्य पात्र सदस्य को मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि पीड़ित परिवार को आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड तथा अन्य सभी पात्र सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए, ताकि परिवार को हरसंभव सहायता मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है और न्याय दिलाने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों से पूरे प्रकरण की नियमित निगरानी करने तथा दोषियों को शीघ्र कठोर सजा दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री एवं मेरठ के जिला प्रभारी मंत्री असीम अरुण सहित वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button