Ghaziabaduttar pradeshराजनीति

जनता दर्शन में राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने सुनीं जनसमस्याएं

त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

संजय नगर स्थित आवास पर पहुंचे विभिन्न क्षेत्रों के फरियादी, अधिकारियों को समयबद्ध एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के मंत्री नरेंद्र कश्यप ने शनिवार को संजय नगर स्थित अपने आवास पर जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित कर विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने भूमि, राजस्व, पुलिस, विद्युत, नगर निकाय, सामाजिक कल्याण, दिव्यांगजन सहायता सहित विभिन्न जनहित से जुड़े मामलों को मंत्री के समक्ष रखा। मंत्री नरेंद्र कश्यप ने प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता और धैर्यपूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरकार की मंशा है कि प्रत्येक नागरिक को समयबद्ध न्याय और प्रभावी प्रशासन उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि जनता दर्शन सरकार और आमजन के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम है, जिससे लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका निस्तारण किया जाए तथा किसी भी नागरिक को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनता दर्शन में पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं को गंभीरता से सुनने और त्वरित समाधान के लिए दिए गए निर्देशों पर मंत्री नरेंद्र कश्यप के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी एवं जवाबदेह कार्यशैली पर विश्वास भी जताया।

Related Articles

Back to top button