bareillyuttar pradeshराष्ट्रीय

बरेली जंक्शन पर अभ्यर्थियों की भीड़ से मची अफरातफरी, ट्रेन में चढ़ने को लेकर धक्कामुक्की

चलती ट्रेन में चढ़ने लगे अभ्यर्थी, आरक्षित कोचों में भी किया कब्जा; आरपीएफ और जीआरपी ने संभाली व्यवस्था

बरेली। बरेली जंक्शन पर शुक्रवार को अभ्यर्थियों की भारी भीड़ के चलते रेलवे स्टेशन पर अफरातफरी का माहौल बन गया। प्लेटफार्म नंबर एक पर जम्मूतवी-कोलकाता एक्सप्रेस के पहुंचते ही ट्रेन में सवार होने के लिए अभ्यर्थियों में होड़ मच गई। भीड़ का आलम यह था कि कई अभ्यर्थी ट्रेन के पूरी तरह रुकने से पहले ही उसमें चढ़ने का प्रयास करने लगे।
ट्रेन के रुकते ही कोच में जगह पाने के लिए धक्कामुक्की शुरू हो गई। जनरल कोचों में भीड़ अधिक होने के कारण कई अभ्यर्थी आरक्षित कोचों में भी चढ़ गए। इससे ट्रेन से उतरने वाले यात्रियों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्लेटफार्म पर अचानक बढ़ी भीड़ को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी की टीम ने मोर्चा संभाला।
मुख्य वाणिज्य निरीक्षक मोहम्मद इमरान और स्टेशन अधीक्षक भानु प्रताप सिंह रेलवे स्टाफ के साथ मौके पर मौजूद रहे। अभ्यर्थियों को सुरक्षित तरीके से ट्रेन में सवार कराने के लिए रेलवे कर्मचारियों ने व्यवस्था संभाली। अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को ट्रेन में चढ़ाने के लिए कुछ देर तक ट्रेन को रोके रखा गया। इसके बाद अभ्यर्थी अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।

Related Articles

Back to top button