Ghaziabaduttar pradeshराजनीतिराष्ट्रीय

लोनी की बदहाल बिजली व्यवस्था की हो विशेष जांच : मदन भैया

मुख्यमंत्री और ऊर्जा मंत्री को पत्र भेजकर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग

गाजियाबाद (आप अभीतक। लोनी विधानसभा क्षेत्र में पिछले करीब तीन माह से चरमराई विद्युत आपूर्ति को लेकर खतौली विधायक मदन भैया ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं ऊर्जा मंत्री को पत्र भेजकर मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। विधायक ने कहा कि लोनी क्षेत्र में बिजली संकट लगातार गंभीर होता जा रहा है, जिससे आम जनता में भारी रोष और असंतोष व्याप्त है।
विधायक मदन भैया ने पत्र में उल्लेख किया कि उन्होंने 21 जुलाई 2026 को भी लोनी की जर्जर विद्युत आपूर्ति के संबंध में शासन को अवगत कराया था, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि लोनी के ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बेहद खराब है, जबकि नगर क्षेत्र में कई स्थानों पर महज 5 से 7 घंटे बिजली उपलब्ध हो रही है। उन्होंने विद्युत आपूर्ति की वास्तविक स्थिति की जांच के लिए संबंधित बिजली उपकेंद्रों की लॉगबुक का परीक्षण कराने की मांग की है। पत्र में विशेष रूप से इन्द्रप्रस्थ, टीला, नाईपुरा, बलराम नगर और लालबाग विद्युत उपकेंद्रों की लॉगबुक सीटों से आपूर्ति का विवरण प्राप्त कर जांच किए जाने की बात कही गई है। मदन भैया ने कहा कि बिजली की बदहाल व्यवस्था के कारण लोनी में आए दिन धरना-प्रदर्शन, सड़क जाम और बिजलीघरों पर विवाद जैसी स्थितियां उत्पन्न हो रही हैं। विद्युत संकट को लेकर लगातार समाचार प्रकाशित होने से सरकार की छवि पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
विधायक मदन भैया ने कहा कि जब प्रदेश में विद्युत उत्पादन एवं आपूर्ति की कोई व्यापक कमी नहीं है और अन्य जनपदों में बिजली व्यवस्था अपेक्षाकृत सामान्य है, तो लोनी विधानसभा क्षेत्र में इस वर्ष ही लगातार विद्युत संकट क्यों बना हुआ है, इसकी गंभीरता से जांच आवश्यक है। उन्होंने इसके लिए विशेष जांच समिति गठित कर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। मदन भैया ने मुख्यमंत्री एवं ऊर्जा मंत्री से जनहित को ध्यान में रखते हुए लोनी विद्युत मंडल क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था की विशेष जांच कराकर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।
पत्र की प्रतिलिपि उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड, लखनऊ के अध्यक्ष तथा पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, मेरठ के प्रबंध निदेशक को भी भेजी गई है।

Related Articles

Back to top button