Ghaziabaduttar pradeshराष्ट्रीय

जीडीए की कार्रवाई न होने से आहत युवक ने किया आत्मदाह का प्रयास

गाजियाबाद। शहर कोतवाली क्षेत्र में सार्वजनिक सड़क पर अवैध निर्माण और अतिक्रमण की शिकायतों पर कार्रवाई न होने से नाराज किराना व्यापारी मूलचंद ने आत्मदाह का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर एसीपी सिटी उपासना पांडे, शहर कोतवाल सचिन मलिक और दमकल विभाग की टीम पहुंची और व्यक्ति को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान उसने अपने ऊपर पेट्रोल भी छिड़क लिया था, लेकिन पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे शांत कराकर नीचे उतारा। मामला श्याम विहार कॉलोनी, जीटी रोड का है। किराना व्यापारी मूलचंद ने बताया कि कॉलोनी निवासियों ने उपमुख्यमंत्री को पत्र लिखकर शिकायत की है कि 140/3, ग्रैंड ट्रंक रोड, एलआईसी भवन के पास कोटगांव नंबर 1 व 2 और दौलतपुरा गांव के पास स्थित स्विस होटल द्वारा सार्वजनिक सड़क की भूमि पर स्थायी अवैध निर्माण कर अतिक्रमण कर लिया गया है। पत्र में आरोप है कि अतिक्रमण के कारण सार्वजनिक सड़क का मार्ग संकरा हो गया है, जिससे स्थानीय निवासियों, पैदल यात्रियों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि पिछले एक वर्ष से अधिक समय से जीडीए में लगातार 5 शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। जीडीए द्वारा होटल को तीन बार नोटिस भी दिया जा चुका है, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। 2 सितंबर 2026 को होटल को सील करने का आदेश जारी हुआ और 7 सितंबर 2026 को सील करने की तिथि तय थी, लेकिन आज तक होटल सील नहीं हुआ। इसी से आहत होकर युवक ने यह कदम उठाया। उक्त मामले के बाद हरकत में आई जीडीए की टीम ने स्विस होटल का एक छज्जा तोड़ दिया और आश्वासन दिया कि सोमवार को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण कराया और कानूनी प्रक्रिया के बाद घर भेज दिया।

Related Articles

Back to top button