Ghaziabaduttar pradeshप्रशासनराष्ट्रीय

ऑपरेशन कवच 2.0 के तहत गाजियाबाद में

बसों की सघन चेकिंग, नियम तोड़ रहीं 7 बसें निरुद्ध

गाजियाबाद। परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यात्री वाहनों के सुरक्षित एवं नियमानुसार संचालन सुनिश्चित किए जाने के उद्देश्य से ऑपरेशन कवच 2.0 के अंतर्गत जनपद गाजियाबाद में बसों के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। विनीत कुमार मिश्र सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) गाजियाबाद ने बताया कि अभियान के दौरान परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीम द्वारा विभिन्न मार्गों एवं प्रमुख स्थलों पर बसों की सघन चेकिंग की गई तथा वाहनों के परमिट, फिटनेस, कर, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र एवं अन्य आवश्यक वैधानिक अभिलेखों की जांच की गई।
चेकिंग के दौरान नियम विरुद्ध संचालित पाई गई कुल 07 बसों को निरुद्ध किया गया। निरुद्ध बसों को नियमानुसार साहिबाबाद डिपो परिसर एवं अन्य निर्धारित स्थानों पर खड़ा कराया गया तथा उनके विरुद्ध प्रचलित प्रावधानों के अंतर्गत आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
प्रवर्तन कार्यवाही के दौरान एक बस के अंदर पेंट से संबंधित माल पाया गया। जांच के दौरान माल के संबंध में जीएसटी से संबंधित अनियमितता/कर चोरी की संभावना पाए जाने पर प्रकरण को संबंधित विभाग के संज्ञान में लाया गया। परिवहन विभाग द्वारा तत्काल जीएसटी विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया तथा संबंधित बस एवं माल को जीएसटी विभाग के अधिकारियों को आवश्यक जांच एवं नियमानुसार अग्रेतर कार्यवाही के लिए हैंडओवर किया गया।
परिवहन विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि ऑपरेशन कवच 2.0 के अंतर्गत यात्री वाहनों के संचालन में सुरक्षा मानकों एवं निर्धारित वैधानिक प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित कराने हेतु प्रवर्तन कार्यवाही लगातार जारी रहेगी। विशेष रूप से ऐसी बसों की जांच की जा रही है जिनका संचालन बिना वैध अभिलेखों अथवा निर्धारित नियमों के विपरीत किया जा रहा है। अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम द्वारा बस संचालकों एवं वाहन स्वामियों को यह भी निर्देशित किया गया कि वे अपने वाहनों का संचालन वैध परमिट, फिटनेस, बीमा, कर एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ ही करें तथा यात्रियों की सुरक्षा से संबंधित सभी निर्धारित मानकों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करें।
परिवहन विभाग द्वारा यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि सड़क पर संचालित प्रत्येक यात्री वाहन निर्धारित मानकों के अनुरूप हो और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित वाहन के विरुद्ध नियमानुसार कठोर प्रवर्तन कार्यवाही की जाए।

Related Articles

Back to top button