शिक्षा अनुसंधान एवं नवाचार पुरस्कार-2026 से सम्मानित हुए डॉ. आरके सिंह
बरेली। केसीएमटी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आरके सिंह को शिक्षा के क्षेत्र में अनुसंधान, नवाचार और बहुविषयक शोध में उल्लेखनीय योगदान के लिए शिक्षा अनुसंधान नवाचार पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), फरीदपुर के तत्वावधान में बरेली कॉलेज के पर्यावरण विज्ञान विभाग के सहयोग से आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी में प्रदान किया गया।
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, लखनऊ के प्रायोजन में आयोजित संगोष्ठी का विषय ‘शिक्षा में अनुसंधान एवं नवाचार का महत्व : गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की ओर’ रहा। इसमें शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, अनुसंधान को प्रोत्साहित करने और नवाचार के माध्यम से शिक्षण प्रक्रिया को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।
डॉ. आरके सिंह को मिले इस सम्मान से केसीएमटी महाविद्यालय में खुशी का माहौल है। महाविद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि विद्यार्थियों और शिक्षकों को अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।




