Ghaziabaduttar pradesh

एसजी शिखर हाइट्स सोसाइटी, सिद्धार्थ विहार में

"एक पेड़ आने वाले कल के नाम" अभियान के तहत भव्य पौधारोपण कार्यक्रम सम्पन्न

सिद्धार्थ विहारI एसजी शिखर हाइट्स सोसाइटी, सिद्धार्थ विहार में रविवार, 19 जुलाई को “एक पेड़ आने वाले कल के नाम” अभियान के अंतर्गत एक सफल एवं प्रेरणादायक पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य सोसाइटी एवं आसपास के क्षेत्र को अधिक हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाना था।

कार्यक्रम में महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों एवं सोसाइटी के जिम्मेदार नागरिकों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधारोपण किया तथा उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया।

इस अवसर पर सोसाइटी के निवासियों ने स्वयं मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई और यह संदेश दिया कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम से पूर्व सोसाइटी के प्रतिनिधियों एवं मेंटेनेंस टीम के साथ कई चरणों में बैठकें आयोजित की गईं, जिनमें पौधारोपण क्षेत्र का चयन, भूमि की सफाई, खाद एवं पानी की व्यवस्था, अस्थायी बैरिकेडिंग, पौधों की सुरक्षा तथा दीर्घकालीन रखरखाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। मेंटेनेंस टीम की ओर से माली, खाद एवं सिंचाई की व्यवस्था में सहयोग प्रदान किया गया।

विशेष रूप से कमर्शियल ग्रीन बेल्ट क्षेत्र को हरित बनाने के उद्देश्य से चरणबद्ध योजना तैयार की गई है। भविष्य में इस क्षेत्र की प्राकृतिक सुरक्षा एवं सुंदरता बढ़ाने के लिए बड़ी संख्या में हेज (Hedge) पौधे लगाने का भी निर्णय लिया गया, जिससे प्राकृतिक ग्रीन बाउंड्री विकसित की जा सके।

अभियान के अंतर्गत गुलमोहर, पापड़ी, जामुन, अशोक पेंडुलम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इन पौधों का चयन बेसमेंट संरचना, सीवर लाइन एवं उपलब्ध भूमि को ध्यान में रखते हुए विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर किया गया।

इस अभियान में सक्रिय रूप से योगदान देने वाले प्रमुख सदस्यों में श्री दिलवर रावत, श्री मनोज द्विवेदी, श्री आशुतोष सहाय, श्री आकाश सप्रा, श्री अमित चौहान, श्री पवन महता, श्री कुंदन कुमार, श्री अरुण रावत, श्री विनय बेहल, श्रीमती गीता सिंह रावत, श्रीमती दीप्ति चौहान, श्रीमती डॉली रावत एवं श्रीमती किरण पोखरियाल सहित अनेक महिलाओं, बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने पौधारोपण, गड्ढों की तैयारी, पौधों की व्यवस्था, सिंचाई, सफाई एवं समन्वय जैसी विभिन्न जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। सभी प्रतिभागियों के लिए अल्पाहार की भी व्यवस्था की गई।

आयोजकों ने बताया कि पौधे लगाना इस अभियान का पहला चरण है। आगामी समय में इन पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा एवं रखरखाव के लिए भी सामूहिक प्रयास जारी रहेंगे, ताकि यह हरित पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्थायी धरोहर बन सके।

इस अवसर पर सभी निवासियों से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक संख्या में ऐसे पर्यावरणीय अभियानों से जुड़ें और अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ, हरित एवं प्रदूषणमुक्त बनाने में सक्रिय योगदान दें।

“एक सोसाइटी – एक लक्ष्य – हरित भविष्य” के संदेश के साथ संपन्न हुआ यह अभियान समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति बढ़ती जागरूकता एवं सामूहिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा।

Related Articles

Back to top button