खुलासाः गुलदार नहीं, बेटा निकला वीरो देवी का कातिल
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला हत्या का राज
-पांच लाख मुआवजे के लिए रची मां की हत्या की साजिश
-पुलिस ने आरोपी बेटे बहाल उर्फ मनिया को किया गिरफ्तार
बिजनौर, संवाददाता। पुलिस ने वीरो देवी की हत्या का सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। वीरो देवी की हत्या पांच लाख के मुआवजे के लालच में छोटे बेटे बहाल उर्फ मानिया ने की थी। बहाल ने गुलदार के हमला कर वीरो देवी को मारने की अफवाह उड़ा दी थी। परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर हंगामा किया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या करने व पसली टूटी होने की रिपोर्ट आने के बाद पुलिस की जांच में खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी बेटे बहाल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में मां की हत्या करने और घटना को गुलदार के हमले का रूप देने की बात स्वीकार की है।
सोमवार की शाम हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के ग्राम अजुपुरा जट्ट निवासी 70 वर्षीय वीरो देवी पत्नी स्व. मुन्ने सिंह अपने छोटे बेटे बहाल सिंह उर्फ मानिया के साथ पशुओं के लिए चारा लेने जंगल गई थीं। कुछ समय बाद सूचना मिली कि वीरो देवी को गुलदार ने हमला कर मार डाला है। जिससे मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों की अधिकारियों से तीखी नोकझोंक भी हुई।
मौके पर पहुंचे चांदपुर तहसीलदार ओमकार सिंह ने मृतका के परिजनों को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने की घोषणा की। मृतका के बेटे बहाल उर्फ मानिया के लिखित आश्वासन मिलने के बाद शव पोस्टमार्टम को भेजा
—-
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ गला दबाकर हत्या करने खुलासा
मंगलवार शाम पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या का राज सामने आया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में वीरो देवी की हत्या गला दबाकर हुई थी। रिपोर्ट के अनुसार मृतका के शरीर पर छोटी-बड़ी करीब 30 से 35 चोटों के निशान मिले। उनकी गर्दन की हड्डी टूटी हुई थी और छह पसलियों में भी फ्रैक्चर पाया गया।
—-
पूछताछ में बहाल उर्फ मनिया ने कबूला जुर्म
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पुलिस ने मृतका के छोटे बेटे बहाल सिंह उर्फ मानिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसका और उसकी मां का आए दिन किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। घटना वाले दिन भी खेत पर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान उसने अपनी मां की गला दबाकर हत्या कर दी और बाद में घटना को गुलदार के हमले का रूप देने की कोशिश की।
—-
पांच लाख मुआवजे के लालच में की हत्या
पुलिस के अनुसार पूछताछ में बहाल सिंह उर्फ मानिया ने ग्रामीणों के सामने अपनी मां की हत्या करने की बात स्वीकार की है। उसने बताया कि वह लालच में आ गया था और पांच लाख रुपये के मुआवजे के लिए उसने मां की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने लोगों को गुमराह करने के लिए गुलदार के हमले में मां की मौत होने का शोर मचा दिया।
—-
आरोपी की पत्नी भी सदमे में
घटना के बाद आरोपी की पत्नी डोली भी गहरे सदमे में है। उसने बताया कि उसके पति अक्सर परिवार को लेकर समझदारी से रहने की बात कहते थे। उसे कभी अंदाजा नहीं था कि उसका पति इतना खतरनाक कदम उठा सकता है। डोली ने बताया कि उनके परिवार में 11 वर्षीय बेटी और चार वर्षीय बेटा है।
—-
बड़े बेटे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
मृतका के बड़े बेटे रूपचंद ने थाने में तहरीर देकर मामले में बहाल उर्फ मानिया के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने आरोपी बहाल को गिरफ्तार कर चालान कर दिया है। पुलिस मामले में विधिक कार्रवाई कर रही है।
—-
बेटे के कातिल निकलने पर झकझोरा
फिलहाल, घटना को लेकर जिले में चर्चाए आम हो रही है। बाजार और चाय की दुकानों पर घटना की चर्चा है। जिस मां ने अपने बेटे को जन्म देकर जीवन दिया, उसी की हत्या के आरोप में बेटे की गिरफ्तारी ने हर किसी को झकझोर दिया।
—-
कोट–
आरोपी को गिरफ्तार कर घटना के संबंध में पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी के पांच लाख रुपये के मुआवजे के लालच में गला दबाकर हत्या करना कबूला है। आरोपी का चालान कर दिया है।
-देशदीपक सिंह, सीओ चांदपुर




