bareillyuttar pradeshराष्ट्रीय

आईवीआरआई के डॉग शो में दिखा श्वानों का जलवा, विदेशी निर्णायकों ने परखा हुनर

मलेशिया और जापान के विशेषज्ञों ने किया मूल्यांकन, देशभर से पहुंचे विभिन्न नस्लों के श्वान

बरेली। इज्जतनगर स्थित भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) में रविवार को रुहेलखंड केनेल क्लब की ओर से ऑल इंडिया ऑल ब्रीड्स चैंपियनशिप डॉग शो का आयोजन किया गया। इसमें देशभर से विभिन्न नस्लों के श्वानों ने प्रतिभाग किया। किसी की चाल निराली रही तो किसी की शारीरिक बनावट और प्रस्तुति ने लोगों का ध्यान खींचा। भारतीय नस्लों के साथ विदेशी नस्लों के श्वान भी आकर्षण का केंद्र रहे। हरजीत सिंह के साथ डा.शाहजेब हसन भी डाग शो में डाग लेकर पहुंचे।
डॉग शो में श्वानों का मूल्यांकन करने के लिए मलेशिया से वेंग वोह चान और जापान से सेइशिरो इकुता निर्णायक के रूप में पहुंचे। उन्होंने निर्धारित नस्लीय मानकों के आधार पर श्वानों की शारीरिक बनावट, चाल-ढाल, प्रस्तुति और अन्य विशेषताओं का आकलन किया। अलग-अलग नस्लों के श्वानों ने अपने हैंडलर के साथ रिंग में प्रदर्शन किया। निर्णायकों ने उनके प्रदर्शन के आधार पर विजेताओं का चयन किया।
पालन-पोषण और स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक
आयोजन का उद्देश्य विभिन्न नस्लों के श्वानों को एक मंच उपलब्ध कराने के साथ उनके उचित पालन-पोषण, प्रशिक्षण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। शो में पहुंचे श्वान प्रेमियों ने विभिन्न नस्लों की विशेषताओं को जानने में रुचि दिखाई। अंतरराष्ट्रीय निर्णायकों की मौजूदगी ने प्रतियोगिता को खास बनाया।
इस अवसर पर रुहेलखंड केनेल क्लब के अध्यक्ष दिलीप कुमार टंडन, सचिव सेवानिवृत्त कर्नल गुरदीप सिंह, कोषाध्यक्ष पवन भासिन, उपाध्यक्ष अमित यादव और संयुक्त सचिव डॉ. डीके सक्सेना सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button