संजय सक्सेना हत्याकांड में तीन और आरोपी गिरफ्तार, एक मुठभेड़ में घायल

बरेली। सुभाषनगर थाना क्षेत्र में डिलीवरी ब्वॉय संजय सक्सेना हत्याकांड में पुलिस ने रविवार रात मुठभेड़ के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान राजेश गुर्जर के पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते संजय की लाठी-डंडों और लोहे के हत्थे से पिटाई की थी।
फूड सप्लाई चेन में डिलीवरी ब्वॉय के रूप में काम करने वाला संजय सक्सेना शुक्रवार रात अपने साथी मोनू सैनी के साथ मेला देखकर घर लौट रहा था। इसी दौरान हौली चौक के पास आरोपियों ने दोनों को रोक लिया और संजय पर हमला कर दिया। हमले के दौरान मोनू सैनी वहां से भाग निकला, जबकि संजय गंभीर रूप से घायल होकर गिर गया। बाद में उसकी मौत हो गई।
सीओ नितिन कुमार के अनुसार, रविवार रात रामगंगा नदी के किनारे पुलिस ने आरोपी राजेश गुर्जर को देखा। पुलिस को देखकर वह भागने लगा। घिरने पर उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में राजेश घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने कृष्णा गोस्वामी, राहुल तेली और धीरज गुर्जर को भी गिरफ्तार किया।
दो आरोपी पहले ही पकड़े गए
पुलिस ने घटना के अगले दिन ही आकाश और विकास श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि संजय से उनकी पुरानी रंजिश थी। आरोपियों के मुताबिक, संजय ने पहले उनके दोस्त विकास श्रीवास्तव और आशीष गुर्जर के साथ मारपीट की थी। इसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।



