bijnoruttar pradesh

रिजर्व पुलिस लाइंस में भूजल सप्ताह का समापन

जल संरक्षण की दिलाई शपथ

बिजनौर। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइंस में 16 से 22 जुलाई तक आयोजित भूजल सप्ताह का समापन किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम का मुख्य विषय “जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प” रहा।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों तथा पुलिस परिवार के सदस्यों ने जल संरक्षण का संकल्प लेते हुए राष्ट्रीय जल मिशन के तहत सामूहिक जल शपथ ली। सभी ने पानी की बर्बादी रोकने, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने और आमजन को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
अधिकारियों ने कहा कि गिरते भूजल स्तर को देखते हुए जल संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। सप्ताह भर चले अभियान का उद्देश्य पुलिस विभाग के साथ-साथ समाज में भी जल बचाने और वर्षा जल संचयन के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधन सुरक्षित रह सकें।
इस अवसर पर उपनिरीक्षक सशस्त्र पुलिस अशोक तोमर, उपनिरीक्षक सशस्त्र पुलिस ओम सिंह, उपनिरीक्षक सशस्त्र पुलिस मुसव्विर अली सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button