डॉ. उज्मा कमर को राधाकृष्णन डिस्टिंक्शन व HiPATH लीडर सम्मान
बरेली। शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षा जगत में उल्लेखनीय योगदान के लिए एडुविजन इंडिया की डायरेक्टर डॉ. उज्मा कमर को राष्ट्रीय स्तर के ‘राधाकृष्णन डिस्टिंक्शन अवार्ड’ और ‘सर्टिफाइड HiPATH लीडर अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। लखनऊ स्थित सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (CMS) में ग्लोबल एजुकेशन एंड ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (GETI) की ओर से आयोजित तीन दिवसीय ‘GETI लीडरशिप सर्कल’ सम्मेलन में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
सम्मेलन के दौरान डॉ. उज्मा कमर ने विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों में सहभागिता की और CMS की विभिन्न शाखाओं का दौरा किया। कार्यक्रम में एडुविजन इंडिया की पहल ‘एजुकेशन पोस्ट’ को भी प्रदर्शित किया गया। CMS की संस्थापिका डॉ. भारती गांधी और GETI की संस्थापिका डॉ. सुनीता गांधी ने पहल की सराहना की।
स्कूलों में हिंसा पर जताई चिंता
सम्मेलन में देश के विभिन्न हिस्सों में सामने आई स्कूलों से जुड़ी हिंसक घटनाओं पर शिक्षाविदों ने चिंता जताई। डॉ. उज्मा कमर ने शिक्षक दिवस को केवल उत्सव का अवसर न मानकर आत्ममंथन का दिन बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षण व्यवस्था भय या हिंसा पर नहीं, बल्कि धैर्य, सहानुभूति और संवाद पर आधारित होनी चाहिए।
उन्होंने शिक्षकों के एटिट्यूड और एप्टीट्यूड के साथ विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य पर भी ध्यान देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उनके अनुसार शिक्षक का दायित्व केवल पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के मानसिक और सर्वांगीण विकास में सहयोग करना भी है।
डॉ. कमर ने विद्यालयों में भयमुक्त और बाल-अनुकूल वातावरण बनाने तथा शिक्षकों के लिए नियमित एटिट्यूड टेस्ट और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी प्रशिक्षण की जरूरत बताई। उनकी इस उपलब्धि पर बरेली के शैक्षिक संगठनों और गणमान्य नागरिकों ने बधाई दी।




