भोजीपुरा की जिम्मेदारी मिलना सम्मान भी, बड़ी जिम्मेदारी भी : अनिल पटेल नेताजी
बरेली। समाजवादी पार्टी की ओर से भोजीपुरा विधानसभा क्षेत्र का अध्यक्ष बनाए जाने पर अनिल पटेल ‘नेताजी’ ने पार्टी नेतृत्व और जिलाध्यक्ष का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जो जिम्मेदारी दी है, उसे पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ निभाएंगे।
अनिल पटेल ने कहा, “भोजीपुरा विधानसभा में समाजवादी पार्टी के संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना मेरी प्राथमिकता होगी। सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को मजबूती दी जाएगी। कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करूंगा।”
उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए हर कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। पार्टी की नीतियों और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के विचारों को जनता तक पहुंचाने के साथ ही संगठन को गांव-गांव और बूथ-बूथ तक सक्रिय किया जाएगा।
गौरतलब है कि सपा ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत बरेली की सातों विधानसभा सीटों पर अध्यक्ष नियुक्त किए हैं, जिसमें भोजीपुरा से अनिल पटेल का नाम शामिल है।




