bareillyuttar pradesh

मानव सेवा क्लब ने पूरे किए 20

गौरवशाली वर्ष, 21वें वर्ष में रखा कदम

बरेली। मानव सेवा क्लब ने अपनी स्थापना के 20 गौरवशाली वर्ष पूरे कर लिए हैं और 20 जुलाई को संगठन ने 21वें वर्ष में प्रवेश किया। दो दशकों की इस यात्रा में क्लब ने शिक्षा, कन्या विवाह, सामाजिक सहयोग और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई है।
मानव सेवा क्लब की स्थापना 20 जुलाई 2006 को प्रख्यात शायर प्रो. वसीम बरेलवी, सुरेन्द्र बीनू सिन्हा तथा 11 अन्य समाजसेवियों ने जरूरतमंद लोगों की सेवा के उद्देश्य से की थी। यह एक राष्ट्रीय, अराजनैतिक और निस्वार्थ समाजसेवी संगठन है, जिसका उद्देश्य समाज के वंचित एवं जरूरतमंद लोगों का सर्वांगीण विकास करना है।
क्लब ने अपने सेवा अभियान की शुरुआत गांव महेशपुरा ठाकुरान से की, जहां 100 से अधिक बच्चों का प्राथमिक विद्यालय में प्रवेश कराया गया। इस अभियान में प्रो. वसीम बरेलवी ने स्वयं गांव पहुंचकर अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा के लिए प्रेरित किया। साथ ही बच्चों को यूनिफॉर्म और स्कूल बैग भी उपलब्ध कराए गए।
मानव सेवा क्लब ने वर्ष 2007 से जरूरतमंद कन्याओं के विवाह कराने का अभियान शुरू किया, जो आज भी निरंतर जारी है। अब तक संस्था लगभग 830 जरूरतमंद कन्याओं के विवाह संपन्न करा चुकी है। इसके अलावा 40 बच्चों की शिक्षा पूरी कराकर उन्हें रोजगारपरक प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।
सेवा के इस सफर में क्लब से समाज के अनेक प्रतिष्ठित लोग जुड़े। इनमें वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार, पूर्व महापौर सुप्रिया ऐरन, पूर्व कुलपति डॉ. आर.पी. सिंह, बरेली कॉलेज के पूर्व प्राचार्य प्रो. सोमेश यादव, डॉ. अजय शर्मा सहित कुल 138 प्रबुद्ध सदस्य संगठन से जुड़े हुए हैं।
मानव सेवा क्लब ने वर्ष 2025-26 में 108 सेवा कार्य कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। इस उपलब्धि के लिए मुंबई की संस्था इंडिया स्टार वर्ल्ड रिकॉर्ड ने क्लब को “मानव सेवा सम्मान” से सम्मानित किया।
संगठन के अध्यक्ष सुरेन्द्र बीनू सिन्हा ने कहा कि क्लब आने वाले वर्षों में भी शिक्षा, सामाजिक सेवा और जरूरतमंदों के उत्थान के लिए अपने अभियान को और व्यापक स्तर पर जारी रखेगा। 21वें वर्ष में प्रवेश के साथ संस्था ने समाजसेवा के संकल्प को और मजबूत करने का संकल्प दोहराया।

Related Articles

Back to top button