bareillyuttar pradesh

गोयल फूड्स के गोदाम पर एफएसडीए

जीएसटी का छापा, 249 टिन रिफाइंड तेल सीज

बरेली। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) और जीएसटी विभाग की संयुक्त टीम ने मठ की चौकी के पास स्थित गोयल फूड्स के गोदाम पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। टीम ने वैध फूड लाइसेंस प्रस्तुत न किए जाने और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पाए जाने पर 249 टिन रिफाइंड सोयाबीन तेल सीज कर दिया। जब्त तेल की अनुमानित कीमत करीब 5.59 लाख रुपये बताई गई है।
जांच के दौरान अधिकारियों ने चारमीनार ब्रांड के 15 किलो वाले 153 टिन, न्यूट्री गोल्ड के 53 टिन तथा विटा गोल्ड के 43 टिन बरामद किए। तीनों ब्रांडों के एक-एक नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, गोयल फूड्स का खाद्य लाइसेंस ब्रह्मपुरा, प्रेमनगर स्थित पते पर जारी है, जबकि वर्तमान में वहां कोई गतिविधि संचालित नहीं हो रही थी। री-पैकिंग का कार्य मठ की चौकी के निकट स्थित गोदाम में किया जा रहा था।
निरीक्षण में यह भी सामने आया कि जब्त किए गए सभी 249 टिनों के लेबल पर निर्माता का पूरा पता अंकित नहीं था। केवल “गोयल फूड्स, बरेली” लिखा हुआ मिला, जबकि बैच नंबर भी दर्ज नहीं था। इसे खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन माना गया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी (द्वितीय) राहुल सिंह ने बताया कि करीब 3,729 किलोग्राम रिफाइंड तेल सीज किया गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी के दौरान जीएसटी एसआईबी अधिकारी अनिरुद्ध सिंह तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील सचान और जितेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button