मानसून सत्र में रोजगार, किसान और बरेली के मुद्दे गूंजेंगे
सांसद नीरज मौर्य ने गिनाईं प्राथमिकताएं
बरेली। आंवला लोकसभा क्षेत्र के सपा सांसद नीरज मौर्य ने रविवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि 20 जुलाई से शुरू होने वाले संसद के मानसून सत्र में वह क्षेत्र और देश से जुड़े जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य सरकार से जवाबदेही तय कराना और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कार्रवाई सुनिश्चित कराना है।
सांसद नीरज मौर्य ने कहा कि इस बार संसद में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर, प्रभावी रोजगार नीति, सरकारी विद्यालयों की गिरती शिक्षा व्यवस्था, स्मार्ट सिटी मिशन के कार्यों की समीक्षा और कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच, किसानों की आय दोगुनी करने के दावों की वास्तविक स्थिति, फसल क्षति मुआवजे में विसंगतियां, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को कानूनी गारंटी तथा किसानों की कर्जमाफी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि किसानों को खाद की कमी, महंगे डीजल-पेट्रोल से बढ़ती कृषि लागत, शिक्षक भर्ती में टीईटी की अनिवार्यता की समीक्षा, युवाओं की भर्ती, नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं, बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी, थानों, तहसीलों और सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार, चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, चुनावी पारदर्शिता, चुनावी चंदे में पारदर्शिता, ई-20 ईंधन नीति और डीजल में ब्यूटेनॉल मिश्रण के संभावित प्रभावों जैसे विषयों पर भी सरकार से जवाब मांगा जाएगा। उन्होंने कहा कि राम मंदिर परिसर में कथित चोरी की घटना से जुड़े सुरक्षा और जवाबदेही के मुद्दे भी संसद में उठाए जाएंगे।
बरेली के स्थानीय मुद्दों पर रहेगा विशेष फोकस
सांसद मौर्य ने कहा कि स्थानीय जनहित के विषय भी उनकी प्राथमिकता में हैं। उन्होंने बताया कि किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने, बंद पड़ी रबर फैक्ट्री के मामले में सरकार और कर्मचारियों के बीच संवाद स्थापित कर समाधान निकालने, 300 बेड अस्पताल को पूरी क्षमता के साथ संचालित कराने तथा बरेली में एम्स की स्थापना की मांग को लेकर वह सड़क से लेकर सदन तक लगातार संघर्ष करते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि संसद में उठाए जाने वाले सभी मुद्दे जनता की आवाज हैं और उनका प्रयास रहेगा कि सरकार इन विषयों पर स्पष्ट जवाब दे तथा समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए।
प्रेस वार्ता में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, पीयूष वर्मा, डॉ. नरेंद्र गौतम, मयंक शुक्ला, सत्यवीर चौहान, संजय शास्त्री, शगुन तोमर, शिवकुमार शाक्य सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



