bareillyuttar pradesh

बरेली में भक्ति और आस्था का संगम

धूमधाम से निकली भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा

बरेली। श्री शिरडी साईं रक्षा धाम, बरेली के तत्वावधान में भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं देवी सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त आध्यात्मिक चिंतक, मानवतावादी एवं लेखक डॉ. चंद्रभानु सतपथी के मार्गदर्शन में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर महाप्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 3 बजे पूर्व-पूजा अनुष्ठानों एवं रथ प्रतिष्ठा के साथ हुआ। इसके बाद भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र, देवी सुभद्रा एवं श्री सुदर्शन की पारंपरिक ‘पाहंडी बीजे’ शोभायात्रा निकाली गई। तत्पश्चात विनम्रता, समानता और निःस्वार्थ सेवा का प्रतीक ‘छेरा पहरा’ अनुष्ठान संपन्न हुआ। इसके उपरांत श्रद्धालुओं ने विधिवत रथ खींचकर यात्रा का शुभारंभ किया।
सायं 4:30 बजे श्री शिरडी साईं रक्षा धाम से निकली रथ यात्रा ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और जयघोष के बीच हर्टमैन ग्राउंड तक पहुंची और वहां से पुनः मंदिर परिसर लौटी। लगभग दो किलोमीटर की यात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति संगीत पर झूमते हुए संकीर्तन में लीन रहे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं एवं राहगीरों के लिए महाप्रसाद के रूप में खिचड़ी, खीर और फलों का वितरण किया गया। इस भव्य आयोजन में 300 से अधिक श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भगवान श्री जगन्नाथ के दर्शन किए।
कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष पुष्पा पांडे, गूंज फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश सिंह, डॉ. विमल भारद्वाज, उपजा के अध्यक्ष पवन सक्सेना, विश्व हरेला परिवार के अध्यक्ष डॉ. हरीश भट्ट, नंदीक्षा फाउंडेशन के अध्यक्ष नंद राणा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आयोजन को सफल बनाने में नीता कुदेशिया, नीरजा कुदेशिया, नंदिता, सुनंदा, समर्थ कुदेशिया एवं समस्त कुदेशिया परिवार के साथ वैभव चौधरी, डा. मनोज कांडपाल, योगेश सिंह, प्रवेश उपाध्याय, सुमित सक्सेना, कविता ओबरॉय, रीना कपूर, मोनिका वर्मा, ऋतु कांडपाल सहित अनेक श्रद्धालुओं का विशेष सहयोग रहा।

Related Articles

Back to top button