श्रावण मास में जालिमनगर घाट पर नदी स्नान पर रोक
DM और SP ने किया घाट का निरीक्षण, सुरक्षा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश

लखीमपुर-खीरी। आगामी श्रावण मास में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने सोमवार को थाना धौरहरा क्षेत्र के जालिमनगर घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नदी के कटान प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। DM ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों और नदी में हो रहे कटान को देखते हुए श्रद्धालुओं के नदी में स्नान पर पूर्ण रोक रहेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए नदी का पवित्र जल उपलब्ध कराने की वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। घाट क्षेत्र में बैनर, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और चेतावनी संकेतक समय से लगाए जाएं।पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने कहा कि घाट पर व्यापक पुलिस व्यवस्था की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और प्रतिबंधित क्षेत्र में किसी को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम लगातार निगरानी करेगी।निरीक्षण के दौरान सेनानायक संतोष कुमार मीणा, अपर SP पवन गौतम, SDM राशि कृष्णा, CO शमशेर बहादुर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




