बरेली। ज्योति ललित कला अकादमी उत्तर प्रदेश की ओर से युगवीणा लाइब्रेरी स्थित यामिनी आर्ट गैलरी में आयोजित कला प्रतिभा सम्मान प्रदर्शनी का मंगलवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रवक्ता मयंक शुक्ला (मोंटी) रहे।
मुख्य अतिथि मयंक शुक्ला ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कलाकार विभा वैद्य की पेंटिंग “पिघलती पहचान” की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि यह कलाकृति बाहरी स्वरूप से परे मनुष्य की वास्तविक पहचान और आंतरिक व्यक्तित्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है।
प्रदर्शनी के अंतिम दिन कला प्रेमियों और दर्शकों की बड़ी संख्या गैलरी पहुंची। आगंतुकों ने विभिन्न कलाकारों की रचनाओं को देखा और उनकी सृजनात्मक अभिव्यक्तियों की सराहना की।
इस अवसर पर रोशनी गौड़, रुचि दिवाकर, हरिप्रिया नरसिम्हन, आलोक पवार, श्रेय भारद्वाज, पलक सूरी, गरिमा सिंह, अनमोल शंखधार, चरितार्थ शर्मा, मनीषा भारती, श्रेया गट्टानी, नव्या आनंद और पलक सिंह सहित अनेक कलाकार एवं कला प्रेमी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में ज्योति ललित कला अकादमी, बरेली के संस्थापक उमेश चंद्र, अध्यक्ष परमानन्द, उपाध्यक्ष श्रीकृष्ण तथा अकादमी के अन्य पदाधिकारियों ने भी सहभागिता की। समापन समारोह में उत्कृष्ट कला प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।




