ट्रैक्टर पर रेजीडेंसी गार्डेन पहुंचे डीएम, जलभराव का लिया जायजा
चार से छह फीट पानी में थमा जनजीवन, 90 फीसदी घरों पर लटके ताले
बरेली। मूसलाधार बारिश के बाद शहर की पॉश कॉलोनी रेजीडेंसी गार्डेन में चौथे दिन भी जलभराव की स्थिति गंभीर बनी रही। कॉलोनी की सड़कों पर चार से छह फीट तक पानी भरा होने के कारण आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। हालात का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी अविनाश सिंह और नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य बुधवार को ट्रैक्टर से कॉलोनी पहुंचे और ग्राउंड जीरो पर स्थिति का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने जलभराव से प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने के साथ ही साफ-सफाई और स्वास्थ्य टीमों को प्रभावित क्षेत्र में भेजने के निर्देश दिए। जलभराव के बाद जलजनित बीमारियों की आशंका को देखते हुए ब्लीचिंग पाउडर और दवाओं का छिड़काव कराने को भी कहा।
टूटी दीवार और ड्रेनेज सिस्टम सुधारने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कॉलोनी के ड्रेनेज सिस्टम की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने, हजियापुर की ओर टूटी दीवार का निर्माण कराने और भविष्य में इस तरह के जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए स्थायी समाधान की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
बताया गया कि भारी बारिश के कारण रेजीडेंसी गार्डेन के करीब 90 फीसदी घरों पर ताले लटक गए हैं। पानी भरने से लोगों को घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। कॉलोनी में लंबे समय तक पानी जमा रहने से लोगों को संपत्ति और घरेलू सामान के नुकसान की भी चिंता सता रही है।




