bareillyuttar pradeshराजनीतिराष्ट्रीय

पत्रकारों को धमकी के मामले में सनराइज अस्पताल के

मैनेजर व भीम आर्मी नेता सोहेल खान पर एफआईआर

बरेली। पत्रकारों से गाली-गलौज करने और हॉकी से दौड़ा-दौड़ाकर मारने की धमकी देने के आरोप में सनराइज अस्पताल के मैनेजर एवं भीम आर्मी के बरेली मंडल उपाध्यक्ष सोहेल खान के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पत्रकारों द्वारा अस्पताल से जुड़े मामलों की जानकारी जुटाने और खबर कवरेज के दौरान कथित तौर पर सोहेल खान ने अभद्रता की और पत्रकारों को धमकाया। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करते हुए हॉकी से दौड़ा-दौड़ाकर मारने की धमकी दी।
सनराइज अस्पताल को लेकर पूर्व में भी मरीजों से कथित धोखाधड़ी, रुपये ऐंठने और इलाज में लापरवाही से जुड़े आरोप सामने आ चुके हैं। दिसंबर 2025 में अस्पताल के डॉक्टर और मैनेजर के खिलाफ एक मामले में हत्या की रिपोर्ट दर्ज होने की खबर भी सामने आई थी।
पुलिस का कहना है कि पत्रकारों को धमकी देने के मामले में एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। 28 अगस्त को मरीज के तीमारदारों की शिकायत के बाद पत्रकार मामले की कवरेज के लिए इज्जतनगर थाने और सनराइज अस्पताल पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद होने और पत्रकारों को धमकी देने का आरोप लगाया गया। मामले में एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ, जिसमें पत्रकारों के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल और हॉकी से मारने की धमकी देने के आरोप सामने आए। इसके बाद पत्रकारों ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की। अधिकारियों के निर्देश पर सोहेल खान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

Related Articles

Back to top button