bareillyuttar pradeshप्रशासनराष्ट्रीय

सौ फुटा तिराहा अब कहलाएगा ‘शिव नाद चौक’

भव्य त्रिशूल-डमरू की कलाकृति और 100 फीट लंबी फोकस वॉल से बदलेगा तिराहे का स्वरूप

बरेली। नाथ कॉरिडोर परियोजना के तहत शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों को नया स्वरूप देने की कवायद शुरू हो गई है। इसी क्रम में पीलीभीत बाइपास रोड स्थित सौ फुटा तिराहे का कायाकल्प कर इसका नाम ‘शिव नाद चौक’ किए जाने की योजना है। यहां केंद्रीय रोटरी पर त्रिशूल और डमरू की भव्य संयुक्त कलाकृति विकसित की जाएगी, जो नाथ परंपरा और भगवान शिव के नाद को प्रतीकात्मक रूप से प्रदर्शित करेगी।
बीडीए के प्रस्ताव के मुताबिक चौक के सुंदरीकरण के साथ यातायात व्यवस्था को भी व्यवस्थित किया जाएगा। क्षेत्र में आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, हरित पट्टियां, फूलों एवं मौसमी पुष्पों की सजावट, सजावटी पौधों और लैंडस्केपिंग का कार्य कराया जाएगा। इससे दिन में चौक हरित-पुष्पीय सौंदर्य और रात में आकर्षक रोशनी से अलग पहचान बनाएगा।
बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने बताया कि सौ फुटा तिराहे पर यातायात का दबाव रहने के कारण कई बार जाम की स्थिति बनती है। प्रस्तावित विकास में यातायात को सुगम और व्यवस्थित करने के साथ तिराहे का समग्र सुंदरीकरण किया जाएगा। यह स्थान नाथ कॉरिडोर का महत्वपूर्ण मिलन-बिंदु है, जहां एक ओर आदिनाथ चौक और दूसरी ओर त्रिलोकी चौक से आने वाले मार्ग मिलते हैं।
सेटेलाइट से इज्जतनगर बैरियर तक चौड़ीकरण की तैयारी
सेटेलाइट क्षेत्र से इज्जतनगर बैरियर चौकी तक मार्ग के चौड़ीकरण और यातायात सुधार की भी योजना है। बीडीए की ओर से इसका विस्तृत सर्वेक्षण और तकनीकी परीक्षण कराया जा चुका है। प्रस्तावित विकास कार्यों का फिलहाल तकनीकी आकलन किया जा रहा है।

100 फीट लंबी दीवार पर दिखेगी विकास की तस्वीर

शिव नाद चौक पर करीब 100 फीट लंबी फोकस वॉल भी विकसित की जाएगी। इस दीवार पर बीडीए की प्रमुख परियोजनाओं और पर्यटन योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। इनमें सप्त नाथ ईको सिटी, ग्रेटर बरेली योजना, रामगंगा नगर योजना, जटायु पार्क और कैनाल फ्रंट समेत अन्य परियोजनाएं शामिल हैं।
बरेली हवाई अड्डे की ओर से आने वाले यात्रियों, श्रद्धालुओं, पर्यटकों और शहरवासियों को इस मार्ग से गुजरते हुए नाथ कॉरिडोर के साथ शहर के विकास और सांस्कृतिक विरासत की नई तस्वीर देखने को मिलेगी।

Related Articles

Back to top button