सदा बहार गीतों से सजी महफिल, कलाकारों ने बांधा समां
बरेली। मानव सेवा क्लब के तत्वावधान में बुधवार को कहरवान स्थित क्लब कार्यालय सभागार में लता मंगेशकर, किशोर कुमार और मुकेश के सदाबहार गीतों से सजी संगीतमयी महफिल का आयोजन किया गया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर श्रोताओं ने जमकर तालियां बजाईं।
गायक प्रकाश चंद्र ने ‘कभी बेबसी ने मारा’ गीत प्रस्तुत कर वाहवाही लूटी। कल्पना सक्सेना ने ‘रजनीगंधा फूल तुम्हारे’ सुनाकर खूब तालियां बटोरीं। क्लब अध्यक्ष सुरेंद्र बीनू सिन्हा ने किशोर कुमार का चर्चित गीत ‘जीवन से भरी तेरी आंखें’ प्रस्तुत किया। प्रसिद्ध गायिका अरुणा सिन्हा की ‘तुम्हारी नजरों ने हमने देखा’ की प्रस्तुति को भी खूब सराहा गया। शकुन ने ‘तुमको पिया दिल दिया’, जितेंद्र सक्सेना ने ‘घुंघरू की तरह बजता ही रहा मैं’ और गायक मुकेश सक्सेना ने ‘अजीब दास्तां है यह’ गीत प्रस्तुत किया।
डॉ. असित रंजन ने ‘चुपके-चुपके रात-दिन आंसू बहाना याद है’ तथा सत्येंद्र सक्सेना ने ‘रस्में उल्फत को निभाएं तो निभाएं कैसे’ प्रस्तुत कर महफिल में समां बांध दिया। डॉ. अनिला रंजन, राजेश सक्सेना, सुनील शर्मा, सुधीर मोहन, राजीव सक्सेना, मंजू सक्सेना, रश्मि सक्सेना और अनीता कोहली, मीरा मोहन समेत अन्य कलाकारों ने भी सदाबहार गीत प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सुरेश बाबू मिश्रा, मुख्य अतिथि डॉ. सुरेश रस्तोगी और विशिष्ट अतिथि इंद्र देव त्रिवेदी ने कहा कि गीत-संगीत जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने लोगों से अपने जीवन में गीत-संगीत को स्थान देने की अपील की। अंत में सुरेंद्र बीनू सिन्हा ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर निर्भय सक्सेना, नरेंद्र कोहली और गंगा राम पाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




