शिक्षक एमएलसी चुनाव में सपा ने झोंकी ताकत, मीरगंज में तूफानी दौरा
बरेली। बरेली-मुरादाबाद मंडल शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को सपा के चुनाव प्रभारी संजीव कुमार सक्सेना, ठाकुर प्रमोद सिंह बिष्ट और कंट्रोल रूम प्रभारी हैदर अली ने मीरगंज विधानसभा क्षेत्र में तूफानी दौरा कर स्कूलों और मदरसों में शिक्षकों से संपर्क किया। इस दौरान पार्टी प्रत्याशी मोहम्मद दानिश अख्तर के पक्ष में मतदान की अपील करने के साथ नए मतदाता बनवाने के लिए फार्म भी उपलब्ध कराए गए।
सपा नेताओं ने संत मंगलपुरी इंटर कॉलेज पहुंचकर प्रधानाचार्य सोनू गुप्ता से समर्थन मांगा। इसके अलावा क्षेत्र के कई मदरसों में पहुंचकर मदरसा शिक्षकों से संपर्क किया और नए वोट बनवाने के लिए फार्म वितरित किए। इस दौरान सपा नेता नावेद एडवोकेट भी मौजूद रहे।
इससे पहले मीरगंज स्थित सपा कार्यालय पर वरिष्ठ नेता मनोहर सिंह पटेल और विधानसभा अध्यक्ष सुरेश गंगवार के साथ शिक्षक एमएलसी चुनाव के बूथ प्रभारियों की बैठक हुई। इसमें चुनाव की रणनीति तैयार करते हुए बूथ स्तर पर मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने और प्रत्येक शिक्षक मतदाता तक पहुंचने पर जोर दिया गया।
सपा प्रभारी संजीव कुमार सक्सेना ने कहा कि शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ता पूरी ताकत से जुट गए हैं। शिक्षकों में सपा प्रत्याशी मोहम्मद दानिश अख्तर के प्रति समर्थन का माहौल है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक शिक्षक मतदाता से व्यक्तिगत संपर्क कर पार्टी के पक्ष में मतदान की अपील करने को कहा।
ठाकुर प्रमोद सिंह बिष्ट ने कहा कि चुनाव में एक-एक वोट महत्वपूर्ण है। बूथ प्रभारी और कार्यकर्ता मतदाता सूची की समीक्षा के साथ नए पात्र शिक्षकों के वोट बनवाने का काम तेजी से करें। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की मेहनत से सपा प्रत्याशी को बड़ी जीत दिलाई जाएगी।
वरिष्ठ सपा नेता मनोहर सिंह पटेल ने कहा कि शिक्षक समाज की समस्याओं और उनके अधिकारों को लेकर सपा लगातार आवाज उठाती रही है। उन्होंने बूथ प्रभारियों से पूरी गंभीरता के साथ चुनावी तैयारी में जुटने और अधिक से अधिक शिक्षक मतदाताओं से संपर्क करने की अपील की।
कंट्रोल रूम प्रभारी हैदर अली ने कहा कि पुरानी पेंशन की बहाली सहित शिक्षकों के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने दावा किया कि शिक्षक समाज सपा प्रत्याशी मोहम्मद दानिश अख्तर को जिताने का मन बना चुका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव तक लगातार संपर्क अभियान चलाने की अपील की।
इस दौरान सरदार हरभजन सिंह जहीर, गंगा सिंह लोधी, तुलाराम राजपूत, शिवम सक्सेना, विजय ठाकुर, आदेश पाण्डेय, हीरा लाल लोधी, आशीष सक्सेना आदि मौजूद रहे।




