मितौली में आंगनबाड़ी बहनों ने सुना सीएम योगी का लाइव प्रसारण, मानदेय बढ़ोतरी पर जताया आभार
विधायक सौरभ सिंह सोनू ने कहा - मातृ-शिशु कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध
लखीमपुर खीरी। विकासखंड मितौली सभागार में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं का मानदेय बढ़ाए जाने और कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा का लाभ दिए जाने की घोषणा के क्रम में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता स्थानीय विधायक सौरभ सिंह सोनू ने की।
कार्यक्रम के दौरान लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लाइव प्रसारण को सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को दिखाया और सुनाया गया। प्रसारण में सीएम योगी ने आंगनबाड़ी बहनों के कल्याण के लिए लिए गए ऐतिहासिक फैसलों की जानकारी दी, जिस पर सभागार में मौजूद सभी कार्यकत्रियों ने तालियों से स्वागत किया।
इस अवसर पर विधायक सौरभ सिंह सोनू ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार मातृ-शिशु कल्याण और आंगनबाड़ी बहनों के हितों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार आपके मान-सम्मान और हितों का पूरा ख्याल रख रही है। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया।
इस मौके पर प्रभारी सीडीपीओ सुषमा शुक्ला, मुख्य सेविका बंदना भारती, प्रीती देवी, निधि राज, अनुपमा देवी, प्रधान सहायक आनंद मोहन, ब्लॉक समन्वयक सत्येंद्र पांडेय, पत्रवाहक रवेंद्र यादव सहित विकासखंड की समस्त आंगनबाड़ी कार्यकत्री और सहायिकाएं मौजूद रहीं।




