लखीमपुर में सजा काव्य उत्सव, नवोदित कवियों ने बिखेरे शब्दों के रंग
नगर पालिका अध्यक्ष इरा श्रीवास्तव बोलीं- प्रेमचंद के साहित्य से गद्यकारों के लिए शुरू होंगे रचनात्मक कार्यक्रम
लखीमपुर खीरी। परिवर्तन फाउंडेशन के तत्वावधान में रविवार शाम नगर पालिका सभागार में “काव्य उत्सव” का आयोजन किया गया।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव ने कहा कि बेचैन जी बच्चों को कविता लेखन का निःशुल्क प्रशिक्षण देकर अत्यंत रचनात्मक कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर पालिका अब हिंदी गद्यकारों के लिए भी कुछ रचनात्मक कार्य करना चाहती है, जिसकी शुरुआत कथा सम्राट मुंशी प्रेमचंद के साहित्य से की जाएगी।विशिष्ट अतिथि राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक पंकज वर्मा और सामाजिक कार्यकर्ता राजकिशोर गौतम ने कहा कि श्याम किशोर बेचैन नवोदित कवियों का उचित मार्गदर्शन कर रहे हैं।इस दौरान गोला गोकर्णनाथ के चर्चित कवि रमाकांत चौधरी को उनकी साहित्यिक साधना के लिए अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
काव्य उत्सव में पवन तारा, कुलदीप समर, श्याम किशोर बेचैन, डॉ. मृदुला शुक्ला, अमन पाण्डेय, शिवम सार्थक, वेद प्रकाश वर्मा और पंकज वर्मा सहित कई कवियों ने काव्य पाठ कर श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम का संचालन कथाकार सुरेश सौरभ ने किया, जिन्होंने अपनी लघुकथा ‘ईश्वर’ का वाचन भी किया।
प्रशिक्षु कवियों शिवम पटेल, प्रज्ञा वर्मा, निधि वर्मा, प्रिंशी वर्मा, दीपमाला, मधु सिंह, आराध्या चंद्रा, काव्या सोनी सहित अन्य ने भी काव्य पाठ किया, जिन्हें अतिथियों ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कवयित्री डॉ. मृदुला शुक्ला ने की। संयोजक श्याम किशोर “बेचैन” ने सभी का आभार व्यक्त किया।




