पहाड़ी क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश से बनेली और पीली नदी उफान पर, सिंचाई विभाग अलर्ट मोड पर
रेहड़। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही लगातार मूसलाधार बारिश ने पीली डैम की सूरत बदल दी है। धारा बनेली और पीली नदियों में जलप्रवाह तेजी से बढ़ने से डैम में पानी की बम्पर आवक जारी है।
सिंचाई विभाग के अनुसार शनिवार शाम तक पीली डैम का जलस्तर 255.40 मीटर तक पहुंच गया है, जबकि कुल जलसंग्रहण 17.45 एमसीएम दर्ज किया गया है। अच्छी बात यह है कि फिलहाल दोनों नदियों का पूरा पानी डैम में सुरक्षित रूप से संग्रहित किया जा रहा है।
बारिश के इस दौर को देखते हुए सिंचाई विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। डैम की हर गतिविधि पर अधिकारियों की पैनी नजर है। विभागीय अधिकारी पंकज कुमार जैन ने बताया, “जलस्तर, जलप्रवाह और डैम की सभी महत्वपूर्ण संरचनाओं की 24 घंटे सतत निगरानी की जा रही है। सुरक्षा और जलप्रबंधन को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है।
किसानों और क्षेत्र के लोगों के लिए यह राहत भरी खबर है। वहीं विभाग ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी तकनीकी कर्मचारियों और अधिकारियों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।




