अभियान: आतिशबाजी स्थलों पर की गई संयुक्त चेकिंग
एसडीएम सदर के नेतृत्व में चला चेकिंग अभियान
-लाइसेंसधारकों के अभिलेख और व्यवस्थाएं देखीं
– 24 लोगों को किया जागरूक
बिजनौर। आतिशबाजी के सुरक्षित निर्माण, भंडारण और बिक्री को लेकर शनिवार को फायर स्टेशन बिजनौर क्षेत्र में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान चार आतिशबाजी स्थलों की जांच की गई। अधिकारियों ने लाइसेंसधारकों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के साथ ही मौके पर मौजूद लोगों को सुरक्षा मानकों की जानकारी दी।
शनिवार को एसडीएम स्मृति मिश्रा, सीओ सिटी अभय कुमार पांडे व एफएसओ शीशपाल सिंह के नेतृत्व में संयुक्त अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान ग्राम पेदी सादात, नगीना रोड स्थित आतिशबाजी स्थल पर लाइसेंस धारक मदनलाल पुत्र हंसराज व राजरानी पत्नी मदनलाल के आतिशबाजी स्थल का निरीक्षण किया गया। इसके अलावा ग्राम अग्रि, नूरपुर रोड स्थित आतिशबाजी स्थल लाइसेंस रावेंद्र सिंह पुत्र वेदपाल के यहां चेकिंग की गई। यहां 12 लोग मौजूद मिले। कम्बोर रोड स्थित आतिशबाजी स्थल पर लाइसेंस धारक मोहम्मद यूसुफ पुत्र मोहम्मद सादिक गुलाम मुस्तफा के यहां जांच की गई। यहां 10 लोग मौजूद मिले।
अभियान के दौरान कुल 24 लोगों को आतिशबाजी के निर्माण, भंडारण और बिक्री के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति प्रशिक्षित एवं जागरूक किया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा नियमों का पालन करने और किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।




