Blog

योगी सरकार का रक्षाबंधन पर बहनों को ‘सुरक्षा और सम्मान’ का तोहफा

27 से 29 अगस्त तक रोडवेज बसों में महिलाओं के साथ एक अटेंडेंट को भी मुफ्त यात्रा

गाजियाबाद। ‘सरकार किसी एक की नहीं, सर्वसमाज की है।’ रक्षाबंधन से पहले उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में नि:शुल्क यात्रा की घोषणा के बीच यह बात गाजियाबाद के
नगर निगम कार्यकारिणी के उपसभापति एवं राजनगर वार्ड-84 के पार्षद प्रवीण चौधरी ने दैनिक आप अभीतक के समाचार संपादक लायक हुसैन से विशेष बातचीत में कही। उनके मुताबिक सरकार की योजनाओं का आधार धर्म या वर्ग नहीं, बल्कि जनहित है और यही नीति योगी सरकार को अलग पहचान देती है। रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश सरकार ने 27 अगस्त की सुबह छह बजे से 29 अगस्त की रात 12 बजे तक महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा देने का निर्णय लिया है। खास बात यह है कि महिला के साथ यात्रा करने वाले एक अटेंडेंट को भी इस सुविधा का लाभ मिलेगा। परिचालक की ओर से यात्रा के लिए शून्य रुपये का टिकट भी जारी किया जाएगा।

‘क्या मुफ्त यात्रा सिर्फ किसी एक समुदाय की माताओं-बहनों के लिए है?’

सवाल के जवाब में प्रवीण चौधरी ने स्पष्ट कहा कि सरकार की किसी भी योजना को धर्म के चश्मे से देखना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर महिलाओं को दी जा रही यह सुविधा हर धर्म और समुदाय की महिलाओं के लिए समान रूप से लागू है। सरकार ने ऐसी कोई शर्त नहीं रखी है कि इसका लाभ केवल किसी विशेष समुदाय की महिलाएं ही उठा सकती हैं।
उन्होंने कहा कि अक्सर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच सरकार की योजनाओं की वास्तविक तस्वीर पीछे छूट जाती है, जबकि जमीन पर स्थिति अलग है। उनके मुताबिक मुस्लिम समाज सहित सभी वर्गों को सरकारी योजनाओं का लाभ समान रूप से मिलना चाहिए और भाजपा सरकार में लगातार मिल भी रहा है।

‘जनहित सबसे पहले, हर मां-बहन की सुरक्षा जरूरी’

प्रवीण चौधरी ने कहा कि योगी सरकार की प्राथमिकताओं में जनहित के साथ-साथ महिलाओं की सुरक्षा भी प्रमुख विषय है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार ने जिस तरह की नीति अपनाई है, उसका सीधा असर आम नागरिक के विश्वास पर दिखाई देता है।
उन्होंने कहा, ‘हमारी सरकार की नीति साफ है—हर व्यक्ति तक सरकारी योजना का लाभ पहुंचे। जनहित सबसे पहले है और हर मां-बहन सुरक्षित रहे, यह सरकार की जिम्मेदारी है।’

सुरक्षा से सम्मान तक—नीति का संदेश साफ

नगर निगम कार्यकारिणी के उपसभापति और पार्षद प्रवीण चौधरी ने कहा कि सरकार की योजनाओं को केवल राजनीतिक नजरिए से देखने के बजाय उनके वास्तविक लाभ को समझने की जरूरत है। उनके अनुसार रक्षाबंधन पर मुफ्त बस यात्रा भी इसी सोच का हिस्सा है, जिसमें पर्व के अवसर पर महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने दोहराया कि ‘सरकार सबकी है, किसी एक की नहीं।’ रक्षाबंधन पर 27, 28 और 29 अगस्त को मिलने वाली मुफ्त यात्रा की सुविधा इसी व्यापक सोच का एक उदाहरण है, जिसमें प्रदेश की हर पात्र महिला बिना किसी धार्मिक भेदभाव के इस सुविधा का लाभ उठा सकती है।
यानी पर्व भले रक्षाबंधन का हो, संदेश पूरे समाज के लिए है—समान सुविधा, सुरक्षित यात्रा और सबका सम्मान।

Related Articles

Back to top button