Blog

कांवड़ यात्रा के लिए खुलेगा बनैली नदी का पुल

डीएम-एसपी ने तैयारियों का लिया जायजा

केवल हल्के वाहनों को मिलेगी अनुमति, भारी वाहनों का रहेगा डायवर्जन; सुरक्षा व्यवस्था के दिए निर्देश

भूतपुरी: श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिलाधिकारी जसजीत कौर और पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने भूतपुरी पहुंचकर कांवड़ मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान बनैली नदी पर स्थित क्षतिग्रस्त पुल का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए पुल को हल्के वाहनों के आवागमन के लिए खोलने का निर्णय लिया। भूतपुरी तिराहा उत्तराखंड से आने वाले कांवड़ियों का प्रमुख मार्ग है। बनैली नदी का पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण लोक निर्माण विभाग ने इसे पत्थर, ब्लॉक और दीवार लगाकर बंद कर रखा था। अब कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात का दबाव बढ़ने को देखते हुए पुल पर सुरक्षा मानकों के साथ हल्के वाहनों की आवाजाही कराई जाएगी, जबकि भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को पुल के दोनों ओर हाइट गेज लगाने तथा भूतपुरी तिराहा और सुआवाला के निकट बादीगढ़ मार्ग पर संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, ताकि भारी वाहनों को पहले ही वैकल्पिक मार्ग की ओर मोड़ा जा सके। पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश देते हुए सीसीटीवी कैमरे लगाने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, बैरिकेडिंग करने और भारी वाहनों को बादीगढ़ मार्ग से डायवर्ट करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम स्मृति मिश्रा, सीओ आलोक सिंह, सीओ अंजनी कुमार चतुर्वेदी, थाना प्रभारी मृदुल कुमार, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता एच.एस. शर्मा, नायब तहसीलदार कपिल आजाद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button