bijnoruttar pradesh

कांवड़ मार्गों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान, ढाबों-होटलों की सघन जांच

सभी प्रतिष्ठानों के बाहर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश

बिजनौर, संवाददाता। श्रावण मास और कांवड़ यात्रा-26 को देखते हुए डीएम जसजीत कौर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद के कांवड़ मार्गों पर विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत ढाबों, होटलों और खाद्य प्रतिष्ठानों का लगातार निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच की जा रही है।

गुरुवार को निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने परीक्षण के लिए लिए गए। खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिए गए कि सभी प्रतिष्ठानों के बाहर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें तथा भोजन, चाय, दूध और अन्य खाद्य सामग्री की शुद्धता एवं गुणवत्ता बनाए रखें। साथ ही सभी खाद्य पदार्थों को ढककर रखने और स्वच्छ वातावरण में ही बिक्री करने के निर्देश दिए गए।

विभाग ने विशेष रूप से कुट्टू के आटे, खोया और अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता एवं ताजगी सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट या खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से कांवड़ मार्गों पर नियमित निरीक्षण, सतत निगरानी और आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि कांवड़ यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

Related Articles

Back to top button