bijnoruttar pradesh

महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित

कोतवाली देहात, संवाददाता। महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर ग्राम शादीपुर स्थित विवेक पुस्तकालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर स्वतंत्रता संग्राम में उनके अद्वितीय योगदान को याद किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षाविद् देवेंद्र कुमार ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद ने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने आजीवन अंग्रेजों के हाथों गिरफ्तार न होने का संकल्प लिया था और अपने इस वचन को निभाते हुए मातृभूमि के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया।

उन्होंने कहा कि आजाद के नेतृत्व और उनके द्वारा स्थापित संगठन ने अंग्रेजी शासन की नींव हिला दी थी। लाला लाजपत राय की मृत्यु का प्रतिशोध लेने के लिए ब्रिटिश अधिकारी सांडर्स की हत्या की योजना में भी चंद्रशेखर आजाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने युवाओं से आजाद के साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

इस दौरान वक्ताओं ने चंद्रशेखर आजाद के जीवन, संघर्ष और देश के प्रति उनके समर्पण पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम में रेशव मौर्य, धीरज गुप्ता, देवेंद्र मौर्य, मनीषा, संयम और यश सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button