बरेली। जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी से जुड़े 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने उत्तर प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, बिहार, तेलंगाना और कर्नाटक समेत कई राज्यों के लोगों को निशाना बनाकर 80 लाख रुपये से अधिक की ठगी की है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लोगों को फोन कर डराते-धमकाते थे, ओटीपी हासिल करते, फर्जी लिंक भेजकर मोबाइल हैक करते और बैंक खातों से रकम निकालकर अपने व अन्य खातों में ट्रांसफर कर देते थे। कुछ मामलों में हवाला नेटवर्क के जरिए भी धनराशि का लेन-देन किया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 19 डेबिट कार्ड, 13 मोबाइल फोन, चेकबुक और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। जांच में फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के धंतिया गांव और बदायूं जिले के संग्रामपुर क्षेत्र से जुड़े नेटवर्क का भी खुलासा हुआ है। पुलिस का कहना है कि आरोपी संगठित गिरोह बनाकर साइबर अपराध को अंजाम दे रहे थे।
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि जिलेभर में साइबर अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और जल्द ही कई अन्य गिरफ्तारियां होने की संभावना है।




