uttar pradesh

पीलीभीत बाईपास पर विकसित होगी विश्वस्तरीय टाउनशिप

117 हेक्टेयर भूमि खरीदकर किसानों को 560 करोड़ का भुगतान

बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने बताया कि पीलीभीत बाईपास क्षेत्र में आधुनिक एवं विश्वस्तरीय टाउनशिप विकसित करने की महत्वाकांक्षी योजना पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। परियोजना के तहत अब तक 117 हेक्टेयर भूमि का क्रय किया जा चुका है, जिसके बदले किसानों को लगभग 560 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है।
वीसी सौम्या पांडेय ने कहा कि भूमि क्रय की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से शासन के निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित की जा रही है। किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्हें समयबद्ध ढंग से भुगतान सुनिश्चित किया गया है, जिससे परियोजना के प्रति उनका विश्वास लगातार मजबूत हुआ है।
उन्होंने बताया कि ग्राम कुम्हरा, नवदिया कुर्मियान, अंडूपुरा जागीर, आसपुर खुवचंद, वरकापुर, हरहरपुर, कलापुर, अहिलादपुर और मोहरिया सहित विभिन्न गांवों में 258 बैनामों के माध्यम से 117 हेक्टेयर भूमि खरीदी जा चुकी है।
सौम्या पांडेय के अनुसार प्रस्तावित टाउनशिप में आधुनिक आवासीय एवं व्यावसायिक क्षेत्र, चौड़ी सड़कें, हरित क्षेत्र, पार्क, अत्याधुनिक जलापूर्ति और सीवरेज व्यवस्था, वर्षा जल निकासी प्रणाली, स्मार्ट स्ट्रीट लाइटिंग, स्वास्थ्य एवं शिक्षा संस्थानों के लिए स्थान सहित सभी आधुनिक शहरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना बरेली के नियोजित शहरी विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप नागरिकों को विश्वस्तरीय आधारभूत सुविधाओं से युक्त आवासीय वातावरण उपलब्ध कराएगी।

Related Articles

Back to top button