bijnoruttar pradesh

ऑपरेशन के बाद महिला की हालत बिगड़ी

परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा

-लापरवाही का आरोप लगाकर चिकित्सक पर अभद्र व्यवहार का आरोप
-पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मामला

बिजनौर, संवाददाता। शहर कोतवाली के विदुर कुटी रोड स्थित एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद महिला की हालत में सुधार नहीं होने पर शनिवार को परिजनों ने हंगामा कर दिया। परिजनों ने चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही बरतने और शिकायत करने पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। बाद में अस्पताल प्रबंधन की ओर से कुछ रकम वापस किए जाने की बात सामने आई।
क्षेत्र के ग्राम भगैन निवासी महिपाल की पत्नी रीता का कुछ समय पहले देहरादून में ऑपरेशन हुआ था। ऑपरेशन के बाद महिला को परेशानी होने पर परिजन उसे विदुर कुटी रोड स्थित एक अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों के अनुसार, अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सक ने ऑपरेशन के दौरान नसों में दिक्कत होने की बात बताई। इसके बाद तीन अगस्त को महिला का दोबारा ऑपरेशन किया गया।
शनिवार को परिजन महिला की पट्टी कराने के लिए अस्पताल पहुंचे। उनका आरोप है कि दोबारा ऑपरेशन के बाद भी टांकों में पस पड़ने की समस्या दूर नहीं हुई। इसे लेकर परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण भी अस्पताल पहुंच गए।
महिपाल ने आरोप लगाया कि शिकायत करने पर चिकित्सक ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने बताया कि पत्नी के इलाज के लिए मकान को दो लाख रुपये में गिरवी रखना पड़ा है। इसके बावजूद पत्नी को राहत नहीं मिली। परिजनों के मुताबिक अस्पताल में इलाज के नाम पर अब तक 80 हजार रुपये से अधिक खर्च हो चुके हैं।
हंगामे की सूचना पर शहर कोतवाल अवनीत मान पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराया। बाद में अस्पताल प्रबंधन की ओर से इलाज में ली गई कुछ रकम वापस किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद परिजन शांत हुए।
शहर कोतवाल अवनीत मान ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।
—-
परिजनों के आग्रह पर किया दोबारा ऑपरेशन
अस्पताल संचालक डॉ. भरत वीर ने इलाज में लापरवाही के आरोपों से अलग पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि महिला का पहला ऑपरेशन देहरादून में हुआ था और उसकी हालत ठीक नहीं थी। अस्पताल में जांच के दौरान नसों में ब्लॉक होने की जानकारी सामने आई थी। परिजनों के आग्रह पर महिला का दोबारा ऑपरेशन किया गया। अब परिजन अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मरीज की आर्थिक स्थिति को देखते हुए अस्पताल में जमा कराई गई कुछ रकम वापस कर दी गई है।

Related Articles

Back to top button