bijnoruttar pradeshप्रशासन

सिंचाई राज्यमंत्री ने लिया तटबंधों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने किया गंगा बैराज और रावली तटबंध का निरीक्षण -

राज्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए सतर्कता के निर्देश

बिजनौर, संवाददाता। गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रदेश सरकार के सिंचाई राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने शुक्रवार को मध्य गंगा नहर निर्माण खंड-5, बिजनौर के कार्यक्षेत्र अंतर्गत बिजनौर बैराज एवं उससे जुड़े तटबंधों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
शुक्रवार को बिजनौर पहुंचे राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने बैराज और तटबंधों की स्थिति का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से जलस्तर और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बारिश के चलते गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, इसलिए किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सभी विभाग पूरी तरह मुस्तैद रहें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील स्थानों पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाए तथा तटबंधों पर नियमित गश्त और निरीक्षण किया जाए। जहां कहीं भी जलभराव, रिसाव या कटाव की आशंका हो, वहां तत्काल आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य कराए जाएं ताकि जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
राज्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ जैसी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव संबंधी सभी संसाधन तैयार रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता कर्णपाल, एई ओमकार सिंह, जेई आरिफ मलिक व घनश्याम सिंह एवं अन्य संबंधित कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button