मानसून में सेहत का सहारा बना वामा सारथी
पुलिस लाइन में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 188 पुलिसकर्मी व परिजन ने उठाया लाभ
बिजनौर, संवाददाता। वामा सारथी उ.प्र. पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में रिजर्व पुलिस लाइन्स में स्वास्थ्य परीक्षण एवं निःशुल्क दवा वितरण शिविर में 188 पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों ने लाभ उठाया।
रविवार को वामा सारथी बिजनौर अध्यक्ष रिया झा के निर्देशन में आयोजित शिविर में आयुष, आयुर्वेद और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारों का स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सकीय परामर्श दिया तथा निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया। मानसून के दौरान होने वाली मौसमी बीमारियों और संक्रमण से बचाव को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया।
होम्योपैथिक चिकित्सा के तहत डा. अभिषेक गोयल और फार्मासिस्ट प्रमोद कुमार ने मरीजों की जांच कर दवाइयां वितरित कीं। वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हल्दौर के चिकित्साधिकारी डा. सुमित कुमार राठी ने एलोपैथिक चिकित्सा परामर्श देते हुए मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए। आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर में डा. रश्मि भास्कर ने अपनी टीम के साथ रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने संबंधी जानकारी दी और निःशुल्क औषधियां वितरित कीं।
इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक देवेन्द्र सिंह सिकरवार, दरोगा मुसव्विर अली, दरोगा अशोक कुमार तोमर, हैड कांस्टेबिल रूबी राठी सहित वामा सारथी के स्वयंसेवक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।




