नगर निगम के खिलाफ व्यापारियों ने किया प्रदर्शन
गाजियाबाद। नगर निगम की दोहरी नीतियों और किराया प्रणाली के विरोध में रामानुज दयाल मार्केट के बी और सी ब्लॉक के व्यापारियों का आंदोलन 10वें दिन भी जारी रहा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को व्यापारियों ने गांधीवादी रास्ते पर चलते हुए सत्याग्रह आंदोलन की तर्ज पर मौन उपवास रखा और काली पट्टियां बांधकर अपना कड़ा विरोध जताया। व्यापारियों की मुख्य मांग है कि नगर निगम मार्केट में लागू किराया प्रणाली को हटाकर संपत्ति कर (प्रॉपर्टी टैक्स) लागू करे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि एक ही मार्केट के भीतर दो अलग-अलग नियम थोपे जा रहे हैं, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी सुशांत गोयल और कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने धरना स्थल पर पहुंचकर व्यापारियों की मांगों का समर्थन किया। इसके बाद सभी व्यापारियों ने धरना स्थल से लेकर घंटाघर स्थित भगत सिंह की मूर्ति तक पैदल मार्च निकाला। वहां से वापस आकर धरना स्थल पर बैठकर आज का प्रदर्शन समाप्त किया। इस मौके पर व्यापारी अनिल जैन, पंकज जैन, अमित कुमार, बिट्टू, महेश मित्तल, अजय गर्ग, हार्दिक गर्ग, अरविंद गौतम, प्रदीप शर्मा, भारत बजाज, जयप्रकाश, देवेंद्र गुप्ता आदि मौजूद रहे।




