नूरी एजुकेशन सेंटर में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस
फर्रुखाबाद। सेवा समिति फर्रुखाबाद रजि. द्वारा संचालित नूरी एजुकेशन सेंटर में शिक्षक दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने अपने शिक्षकों प्रियांशी राज मैडम एवं तनवीर सर के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करते हुए उन्हें उपहार भेंट किए।
इस अवसर पर सेवा समिति फर्रुखाबाद रजि. की ओर से दोनों शिक्षकों को सम्मान पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि एवं सेवा समिति फर्रुखाबाद रजि. के संस्थापक फरियाब खान ने कहा, “शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। एक शिक्षक बच्चों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देता, बल्कि उन्हें अच्छे संस्कार और बेहतर इंसान बनने की दिशा भी दिखाता है। नूरी एजुकेशन सेंटर में बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए शिक्षकों द्वारा किया जा रहा प्रयास सराहनीय है।”
विशिष्ट अतिथि डॉ. शकील अहमद ने कहा, “शिक्षक दिवस हमें अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर देता है। बच्चों की सफलता में शिक्षकों की मेहनत और मार्गदर्शन का अहम योगदान होता है। हमें शिक्षकों का हमेशा सम्मान करना चाहिए और उनके बताए मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए।”
कार्यक्रम में सोशल मीडिया प्रभारी फरीद खान, अमन सलमानी एवं सेवक जकी सलमानी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने अपने शिक्षकों के साथ शिक्षक दिवस मनाकर इस दिन को यादगार बनाया।




