पद गया, सेवा का जज्बा नहीं: डॉ. सुभाष गुप्ता ने फिर पेश की मिसाल
रेड क्रॉस-रोटरी के संयुक्त सेवा अभियान में 125 गर्भवती माताओं को पोषण पोटली, 50 महिलाओं को प्रोटीन पाउडर वितरित
गाजियाबाद। समाजसेवा के लिए किसी पद, प्रतिष्ठा या औपचारिक जिम्मेदारी की जरूरत नहीं होती, जरूरत होती है तो सिर्फ सेवा के प्रति समर्पण और जरूरतमंदों के दर्द को समझने वाले संवेदनशील हृदय की। रेड क्रॉस सोसाइटी, गाजियाबाद के निवर्तमान सभापति डॉ. सुभाष गुप्ता ने एक बार फिर अपने सेवा कार्यों से यह साबित कर दिया है। सभापति पद पर न रहते हुए भी उनका सेवा अभियान लगातार जारी है।
बीते एक वर्ष के दौरान डॉ. सुभाष गुप्ता ने रक्तदान शिविरों से लेकर क्षय रोगियों की सहायता, कुपोषित बच्चों की चिंता और गर्भवती माताओं के पोषण तक अनेक सामाजिक सरोकारों को अपनी प्राथमिकता बनाया है। इसी कड़ी में गर्भवती माताओं के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के लिए शुरू की गई पहल अब रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 के व्यापक सेवा अभियान का रूप ले चुकी है।
एक आह्वान बना बड़े सेवा अभियान की वजह
डॉ. सुभाष गुप्ता के आह्वान पर रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3012 के गवर्नर रो. अमित गुप्ता एवं डिस्ट्रिक्ट की प्रथम महिला रो. स्वाति गुप्ता ने पोषण पोटली वितरण की पहल को अपना समर्थन दिया। इसके बाद डिस्ट्रिक्ट के विभिन्न रोटरी क्लबों ने इसमें सहभागिता करते हुए अभियान को व्यापक स्वरूप प्रदान किया। इसी अभियान के तहत बुधवार को संयुक्त जिला चिकित्सालय, गाजियाबाद में आयोजित कार्यक्रम में गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट की सहायक पुलिस आयुक्त प्रियाश्री पाल की गरिमामयी उपस्थिति में 125 गर्भवती माताओं को पोषण पोटली तथा 50 महिलाओं को प्रोटीन पाउडर वितरित किया गया।
एसीपी प्रियाश्री पाल का हुआ अभिनंदन
कार्यक्रम के शुभारंभ पर मुख्य अतिथि एसीपी प्रियाश्री पाल का रोटरी डिस्ट्रिक्ट की प्रथम महिला रो. स्वाति गुप्ता एवं रेड क्रॉस के निवर्तमान सभापति डॉ. सुभाष गुप्ता ने अंगवस्त्र ओढ़ाकर तथा पौधा भेंट कर अभिनंदन किया। रो. स्वाति गुप्ता ने गर्भावस्था के दौरान संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए माताओं-बहनों को अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने तथा सकारात्मक एवं प्रसन्न रहने के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि एसीपी प्रियाश्री पाल ने रोटरी परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गर्भवती माताओं की आवश्यकताओं को समझते हुए पोषण पोटली उपलब्ध कराना मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण सेवा कार्य है।
मजबूत नेतृत्व ने जोड़ीं कई संस्थाएं
इस अवसर पर एम.सी. गौड़ ने कहा कि रेड क्रॉस गाजियाबाद के अधिकांश सदस्य रोटरी परिवार से भी जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि जब नेतृत्व में सेवा का संकल्प हो तो सामाजिक अभियान स्वतः गति पकड़ लेते हैं। रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रो. अमित गुप्ता के आह्वान पर विभिन्न क्लबों की सक्रिय सहभागिता इसका उदाहरण है।
कार्यक्रम में विभिन्न रोटरी क्लबों के अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं सदस्य, रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3012 की टीम, स्वास्थ्य विभाग की टीम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं आशा वर्कर सहित बड़ी संख्या में सेवा से जुड़े लोग उपस्थित रहे।
संजय यादव की मेहनत बनी सफलता की मजबूत कड़ी
कार्यक्रम को सफल बनाने में संजय यादव की अथक मेहनत, सक्रियता और समर्पण विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। उनके निरंतर प्रयासों ने इस सेवा प्रकल्प को व्यवस्थित और प्रभावी रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सेवा का यह अभियान एक बार फिर संदेश दे गया कि पद भले बदल जाए, लेकिन सच्चे सेवाभावी व्यक्ति का संकल्प और समाज के प्रति उसकी जिम्मेदारी कभी समाप्त नहीं होती। डॉ. सुभाष गुप्ता इसी जीवंत सेवा-भाव की प्रेरणादायी मिसाल बने हुए हैं।




