सुरेश शर्मा नगर में जलभराव से लोग बेहाल
सालों से जलभराव की मार, सुरेश शर्मा नगर में सड़कें बनीं तालाब
बरेली। विकास के दावों के बीच सुरेश शर्मा नगर में बारिश ने फिर नगर निगम की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। सालों पुरानी जलभराव की समस्या के आगे नालियां बेबस और सड़कें तालाब बनी हुई हैं। जर्जर मुख्य सड़क पर चोक नालियों का पानी ऐसा जमा है कि राहगीरों को सड़क पर चलना है या तालाब पार करना है, यह समझना मुश्किल हो गया है। हालात इतने बदतर हैं कि बारिश का पानी सड़कों से होते हुए लोगों के घरों तक पहुंच रहा है, लेकिन स्थायी समाधान अब भी फाइलों और शिकायतों के बीच नजर नहीं आ रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सामान्य दिनों में भी नालियों की सफाई व्यवस्था ठीक नहीं रहती। बारिश होते ही नालियों का पानी सड़कों पर बहने लगता है। हालात तब और खराब हो जाते हैं, जब सड़क और नालियों का पानी लोगों के घरों में घुस जाता है। इससे लोगों को आने-जाने के साथ-साथ घरों से पानी निकालने की समस्या से भी जूझना पड़ता है।
क्षेत्रवासियों के मुताबिक जलभराव के कारण सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। पानी भरे होने से सड़क की स्थिति का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है और दोपहिया वाहन चालकों व राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ती है। लंबे समय से समस्या झेल रहे लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार विभागों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
बारिश के मौसम में सुरेश शर्मा नगर की स्थिति नगर निगम की जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। लोगों ने मांग की है कि चोक नालियों की तत्काल सफाई कराकर जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त की जाए और जर्जर मुख्य सड़क का स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि हर बारिश में क्षेत्रवासियों को जलभराव की समस्या से न जूझना पड़े।




