बढ़ते जलस्तर और कटान से ओवरहेड टैंक को खतरा, डीएम ने किया निरीक्षण
बरेली। तहसील मीरगंज के ग्राम पहुंचा बुजुर्ग में नदी के बढ़ते जलस्तर और कटान से उत्पन्न संभावित खतरे को देखते हुए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने गुरुवार को ओवरहेड टैंक का स्थलीय निरीक्षण किया। डीएम ने मौके पर स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को टैंक और आसपास की भूमि को कटान से सुरक्षित रखने के लिए तत्काल प्रभावी सुरक्षात्मक कार्य कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए कटान वाले संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। ओवरहेड टैंक की संरचनात्मक सुरक्षा का नियमित निरीक्षण कराने के साथ ही कटान रोकने के लिए आवश्यक फ्लड फाइटिंग एवं अन्य सुरक्षात्मक कार्य समयबद्ध ढंग से कराए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
डीएम ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ लगातार निगरानी रखने और स्थिति बिगड़ने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए विभागीय स्तर पर पूरी तैयारी रखने को भी कहा।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, उपजिलाधिकारी मीरगंज निधि शुक्ला, पुलिस उपाधीक्षक मीरगंज अजय कुमार, अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) आकांक्षा सिंह तथा अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड नीरज कुमार लांबा समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




