आपरेशन कवचः 57 बिना नंबर प्लेट और अनाधिकृत यात्री वाहनों के चालान
एआरटीओ के नेतृत्व में दो टीमों ने बैराज रोड, नजीबाबाद, चांदपुर और धामपुर रोड पर की कार्रवाई
कार्रवाई से वाहन चालकों और वाहन स्वामियों में हड़कंप
बिजनौर। परिवहन विभाग ने बिना नंबर प्लेट, अस्पष्ट नंबर प्लेट और अनाधिकृत रूप से यात्रियों का संचालन करने वाले वाहनों के खिलाफ आपरेशन कवच व आपरेशन अज्ञात अभियान चलाया। दो दिन से चल रहे अभियान के दौरान परिवहन विभाग की दो टीमों ने जिले के विभिन्न मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर 57 वाहनों के चालान किए। कार्रवाई से वाहन चालकों और वाहन स्वामियों में हड़कंप मचा रहा।
सोमवार को एआरटीओ महेश शर्मा ने अभियान के लिए दो टीमों का गठन किया। एक टीम का नेतृत्व उन्होंने स्वंय, जबकि दूसरी टीम की कमान पीटीओ मुन्ना लाल व एआरएम बिजनौर अशोक कुमार ने संभाली। दोनों टीमों ने नजीबाबाद रोड, बैराज रोड, चांदपुर रोड और धामपुर रोड पर वाहनों की जांच की गई। परिवहन विभाग ने कार्रवाई को ऑपरेशन अज्ञात और ऑपरेशन कवच नाम दिया है। ऑपरेशन अज्ञात के तहत बिना नंबर प्लेट अथवा अस्पष्ट नंबर प्लेट लगाकर चल रहे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं ऑपरेशन कवच के तहत अनाधिकृत रूप से यात्रियों को बैठाकर संचालित किए जा रहे वाहनों की जांच कर कार्रवाई की गई।
दो दिनों में ऑपरेशन अज्ञात के तहत 27 वाहनों और ऑपरेशन कवच के तहत 30 वाहनों के चालान किए गए। कार्रवाई से वाहन चालकों और वाहन स्वामियों में हड़कंप मचा रहा। कई वाहन स्वामियों ने कार्रवाई से बचने के लिए सिफारिश भी लगवाई, लेकिन परिवहन विभाग की टीम ने नियमों के उल्लंघन पर किसी तरह की रियायत नहीं दी।
बिना नंबर प्लेट, अस्पष्ट नंबर प्लेट और अनाधिकृत यात्री वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
-महेश कुमार शर्मा, एआरटीओ प्रशासन




