new delhi

सोनम वांगचुक की हिरासत पर निगार फारूखी ने जताया विरोध

जनसेवक टीम प्रमुख बोलीं— लोकतंत्र में असहमति की आवाज़ दबाना उचित नहीं, जनहित के मुद्दों पर संवाद जरूरी

नई दिल्ली (आप अभीतक)। जनसेवक टीम की प्रमुख एवं सामाजिक कार्यकर्ता निगार फारूखी ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को हिरासत में लिए जाने की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्र सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि देश में लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान किया जाना चाहिए तथा जनहित के मुद्दे उठाने वालों के साथ संवाद का रास्ता अपनाना चाहिए।
निगार फारूखी ने अपने बयान में कहा कि देशभर में शिक्षा और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर चर्चाएं चल रही थीं, लेकिन इस बीच सोनम वांगचुक के खिलाफ की गई कार्रवाई ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति की आवाज़ को सुनना और उसका सम्मान करना सरकार की जिम्मेदारी होती है।
उन्होंने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती इसी में है कि नागरिक अपनी बात खुलकर रख सकें। यदि जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाते हैं तो इससे लोकतांत्रिक परंपराओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
जनसेवक टीम की प्रमुख ने कहा कि उनकी संस्था हमेशा जनहित, सामाजिक न्याय और नागरिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से उठाती रही है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए संवाद और संवैधानिक मूल्यों को प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि जनसेवक टीम के सदस्य लगातार आम जनता की समस्याओं को विभिन्न मंचों पर उठाते रहे हैं और भविष्य में भी जनहित के मुद्दों पर अपनी आवाज़ बुलंद करते रहेंगे।

Back to top button