प्रभारी मंत्री ने ली जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की बैठक
कावड़ यात्रा को पूर्णत: प्लास्टिक मुक्त बनाने के निर्देश

गाजियाबाद। कावड़ यात्रा के मद्देनजर प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह की अध्यक्षता में अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने मुख्यमंत्री के मनसा अनुरूप एवं निर्देशानुसार कांवड़ यात्रा को पूर्णतः प्लास्टिक मुक्त बनाए जाने पर विशेष बल दिया। इस दौरान विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा कांवड़ यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मंत्री ने सभी विभागों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करते हुए जनहित से जुड़े मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए तथा जनसामान्य को जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। मच्छरों की रोकथाम के लिए नियमित फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव एवं स्वच्छता अभियान संचालित किए जाएं। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने तथा उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही कांवड़ यात्रा को पूर्णतः प्लास्टिक मुक्त बनाए जाने पर विशेष बल दिया। इस दौरान उन्होंने
पशुपालन विभाग कृषि विभाग आदि विभागों की भी समीक्षा की। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया गया कि जिन उचित दर विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त हो चुके हैं, उनके संबंध में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पात्र उपभोक्ताओं को खाद्यान्न वितरण व्यवस्था सुचारु बनाए रखी जाए। इस मौके पर बैठक में मुख्य रूप से महापौर सुनीता दयाल, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी, एमएलसी श्री दिनेश गोयल, विधायक मोदीनगर डॉ मंजू सिवाच, विधायक सदर श्री संजीव शर्मा, विधायक मुरादनगर अजीत पाल त्यागी, विधायक लोन नंदकिशोर गुर्जर, जिला अध्यक्ष भाजपा चैनपाल पुलिस कमिश्नर जे रविंद्र गौड़, डीएम रविंद्र कुमार मांदड़, डीसीपी राज करन नैय्यर, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



