सेंट जॉन्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में उत्साह के साथ मनाया गया इंटरनेशनल मैंगो डे
आम की वेशभूषा में सजे नन्हे-मुन्ने बच्चों ने कविता, गीत और भाषण से बिखेरे रंग
लखीमपुर खीरी। गोला नगर के सेंट जॉन्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गोला में बुधवार को इंटरनेशनल मैंगो डे हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय के प्री-प्राइमरी विंग (नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी) के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने पूरे जोश के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। आम की आकर्षक वेशभूषा में सजे बच्चों की मासूम मुस्कान और मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे विद्यालय का माहौल आनंदमय बना दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर अनूप टिर्की के मार्गदर्शन एवं हेड मिस्ट्रेस सिस्टर लिजी मारिया के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम की तैयारियां प्री-प्राइमरी की शिक्षिकाओं ने कराईं। बच्चों ने आम पर आधारित कविताएं, गीत, भाषण और रोचक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। उनकी आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियों पर अभिभावकों और शिक्षकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य फादर अनूप टिर्की ने बच्चों को आम के महत्व, उसकी विशेषताओं और प्रकृति से जुड़े रहने का संदेश दिया। वहीं हेड मिस्ट्रेस सिस्टर लिजी मारिया ने बच्चों को आम के रंग, स्वाद, विभिन्न प्रकारों और उससे जुड़ी रोचक जानकारियों से परिचित कराया। शिक्षिकाओं ने भी खेल-खेल में बच्चों को आम की पहचान, उसके उपयोग और उससे जुड़े सामान्य तथ्यों की जानकारी दी।कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में सीखने की रुचि विकसित करना, मंच पर आत्मविश्वास बढ़ाना तथा रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से ज्ञानवर्धन करना था। पूरे आयोजन के दौरान बच्चों का उत्साह, ऊर्जा और मासूमियत आकर्षण का केंद्र बनी रही। अंत में विद्यालय परिवार ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए ऐसे ज्ञानवर्धक आयोजनों को आगे भी जारी रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी के सभी छात्र-छात्राएं, शिक्षिकाएं एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।




